Headlines

साधना की अग्निपरीक्षा: धैर्य और गुरु-श्रद्धा का महत्व

साधना की अग्निपरीक्षा: धैर्य और गुरु-श्रद्धा का महत्व

एक धनी जमींदार का नौजवान लड़का किसी महात्मा के पास जाया करता था। साधु-संग के प्रभाव से उसके मन में कुछ वैराग्य पैदा हो गया। उसकी महात्मा में बड़ी श्रद्धा थी। वह प्रेम के साथ महात्मा की सेवा करता था। कुछ दिन बीतने पर महात्मा ने कृपा करके उसे शिष्य बना लिया। अब वह बड़ी श्रद्धा के साथ गुरु महाराज की सेवा-शुश्रूषा करने लगा। कुछ दिन तक तो उसने बड़े चाव से सारे काम किए, परंतु आगे चलकर धीरे-धीरे उसका मन चंचल हो उठा। संस्कारवश पूर्वस्मृति जाग उठी और कई तरह की चाहों के चक्कर में पड़ने से उसका चित्त डाँवाडोल हो गया। उसे महात्मा के संग से बहुत लाभ हुआ था, परंतु इस समय कामना की जागृति होने के कारण वह उस लाभ को भूल गया और उसके मन में विषाद छा गया।

एक दिन वह दोपहर की कड़ी धूप में गंगाजल का घड़ा सिर पर रखकर ला रहा था। रास्ते में उसने सोचा कि मैंने कितना साधु-संग किया, कितनी गुरु-सेवा की, कितने कष्ट सहे, परंतु अभी तक कोई फल तो नहीं हुआ। कहीं यह साधु ढोंगी तो नहीं है? इतने दिन व्यर्थ खोए!

यह विचारकर उसने घड़ा जमीन पर रख दिया और भागने का विचार किया। गुरु महाराज बड़े ही महात्मा पुरुष थे और परम योगी थे। उन्होंने शिष्य के मन की बात जानकर उसे चेताने के लिए योगबल से एक विचित्र कार्य किया। उनकी योगशक्ति से मिट्टी के जड़ घड़े में से मनुष्य की भाँति आवाज निकलने लगी। घड़े ने पुकारकर पूछा, ‘भाई! तुम कहाँ जा रहे हो?’ शिष्य ने कहा, ‘इतने दिन यहाँ रहकर सत्संग किया, परंतु कुछ भी नहीं मिला, इसलिए इसे छोड़कर कहीं दूसरी जगह जा रहा हूँ।’ घड़े में से फिर आवाज आई, ‘जरा ठहरो, मेरी कुछ बातें मन लगाकर सुन लो। मैं तुम्हें अपनी जीवनी सुनाता हूँ। उसे सुनने के बाद जाना उचित समझना तो चले जाना।’

शिष्य के स्वीकार करने पर घड़ा बोलने लगा—’देखो, मैं एक तालाब के किनारे मिट्टी के रूप में पड़ा था। किसी की भी कुछ भी बुराई नहीं करता था। एक जगह चुपचाप पड़ा रहता था। लोग आकर मेरे ऊपर मलत्याग कर जाते, सियार और कुत्ते बिना बाधा पेशाब करते। मैं सभी कुछ सहता, मन का दुःख कभी किसी के सामने नहीं कहता। मेरा किसी के साथ कोई वैर नहीं था, तो भी न मालूम क्यों एक दिन कुम्हार ने आकर मुझ पर तीखी कुदाल का वार किया। मेरे शरीर को जहाँ-तहाँ से काटकर अपने घर ले गया। वहाँ बड़ी ही निर्दयता से मूसलों की मार मारकर मेरा चकनाचूर कर डाला और पैरों से रौंदकर मेरी बड़ी ही दुर्दशा की। फिर वह एक चक्र में डालकर मुझे घुमाने लगा। बड़ी मुश्किल से जब घूमने से पिंड छूटा, तब मैंने सोचा कि अब तो इस विपत्ति से छुटकारा होगा, परंतु परिणाम उलटा ही हुआ। कुम्हार ने कुछ देर तक पीटकर मुझे कड़ी धूप में डाल दिया और फिर जलती हुई आग में डालकर जलाने लगा। अंत में वह मुझे एक दुकान पर रख आया। मैंने समझा कि अब तो छूट ही जाऊँगा, लेकिन फिर नहीं छूट सका। वहाँ मुझे जो कोई भी लेने आता, ठोंककर बजाए बिना नहीं हटता। यों लोगों के थपेड़े खाते-खाते मेरे नाकोंदम हो गया।

इस प्रकार कितना ही काल बीतने पर मैं इस साधु के आश्रम में पहुँच सका हूँ। यहाँ मुझे पवित्र गंगाजल को हृदय पर धारण करके भगवान् की सेवा करने का मौका मिला है। इतने कष्ट, इतनी भयानक यातनाएँ भोगने के बाद कहीं मैं परम प्रभु की सेवा में लग सका हूँ। जीवनभर महान् दुःखों की चक्की में पिसने पर ही आज विश्वनाथ की चरण-सेवा का साधन बनकर धन्य हो सका हूँ।

भाई! उन्नति के—यथार्थ उन्नति के ऊँचे सिंहासन पर चढ़ने वाले को प्रारंभ में बाधा-विघ्नजनित भयानक निराशा के थपेड़े अटल, अचल रूप से सहने पड़ते हैं। शून्यता के घोर जलशून्य मरुस्थल को स्थिर और धीर भाव से लाँघकर आगे बढ़ना पड़ता है। इस अग्निपरीक्षा में उत्तीर्ण होने पर फिर कोई भय नहीं है। अतएव, मेरे भाई! तुम निराश न होओ। जितना दुःख या कष्ट आए, जितनी ही अधिक निराशा, शून्यता, अभाव और अंधकार की काली-काली घटाएँ जीवनाकाश में चारों ओर फैल जाएँ, उतना ही तुम भगवान् की ओर अग्रसर हो सकोगे। यातना की अग्निशिखा जितनी ही अधिक धधकेगी, तुम उतने ही शांतिधाम के समीप पहुँचोगे।’

घड़े के सदुपदेश से शिष्य की आँखें खुल गईं। उसने अपनी पूर्वस्थिति की तुलना वर्तमान स्थिति से की, तो उसे साधना और गुरु-सेवा का प्रत्यक्ष महान् फल दिखाई दिया। वह घड़े को उठाकर गुरु की कुटिया की ओर चल दिया और वहाँ पहुँचकर गुरु के चरणों में लोट गया।

इस दृष्टांत से यह समझना चाहिए कि हमें यदि सत्, चित्, आनंदस्वरूप, नित्य निरंजन परमात्मा को प्राप्त करना है, तो किसी भी विपत्ति और कष्ट से घबराना नहीं चाहिए। सांसारिक विपत्तियाँ और कष्ट तो इस मार्ग में पद-पद पर आएँगे। वास्तव में अपने मन से सारे भोगों का सर्वथा नाश ही कर देना पड़ेगा। विराग की आग में विषयों की पूर्णाहुति दे देनी पड़ेगी।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *