Headlines

हो. वे. शेषाद्रि : संघ साहित्य सृजन के अग्रणी साधक

आज तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का साहित्य हर भाषा में प्रचुर मात्रा में निर्मित हो रहा है, लेकिन इस कार्य के प्रारंभ में जिन कार्यकर्ताओं की प्रमुख भूमिका रही, उनमें हो. वे. शेषाद्रि (होंगसन्द्र वेंकटरमैया शेषाद्रि) का नाम शीर्ष पर है। 26 मई, 1926 को बंगलौर में जन्मे शेषाद्रि जी 1943 में स्वयंसेवक बने। 1946 में मैसूर विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में स्वर्ण पदक पाकर उन्होंने एमएससी किया और अपना जीवन प्रचारक के नाते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हेतु समर्पित कर दिया। प्रारंभ में उनका कार्यक्षेत्र मंगलौर विभाग, फिर कर्नाटक प्रांत और फिर पूरा दक्षिण भारत रहा। 1986 तक वे दक्षिण में ही सक्रिय रहे। वे यादवराव जोशी से बहुत प्रभावित थे। 1987 से 2000 तक 13 वर्ष वे संघ के सरकार्यवाह रहे। इस नाते उन्होंने पूरे भारत तथा विश्व के कुछ देशों में भी प्रवास किया।

कार्य की व्यस्तता के बाद भी वे प्रतिदिन लिखने के लिए समय निकाल लेते थे। वे दक्षिण के ‘विक्रम’ साप्ताहिक, ‘उत्थान’ मासिक, दिल्ली के पांचजन्य एवं ‘ऑर्गेनाइजर’ साप्ताहिक तथा लखनऊ के राष्ट्रधर्म मासिक के लिए प्रायः लिखते रहते थे। उनके लेखों की पाठक उत्सुकता से प्रतीक्षा करते थे। उन्होंने संघ तथा अन्य हिंदू साहित्य के प्रकाशन के लिए यादवराव के निर्देशन में बंगलौर में ‘राष्ट्रोत्थान परिषद्’ की स्थापना की। सेवा कार्यों के विस्तार एवं संस्कृत के उत्थान के लिए भी उन्होंने सघन कार्य किया। शेषाद्रि जी ने यूँ तो सौ से अधिक छोटी-बड़ी पुस्तकें लिखीं, पर उन्होंने ही सर्वप्रथम द्वितीय सरसंघचालक ‘श्री गुरुजी’ के भाषणों को ‘बंच ऑफ थॉट्स’ के रूप में संकलित किया। आज भी इसके संस्करण छपते हैं। इसके अतिरिक्त कृतिरूप ‘संघ दर्शन’, ‘युगावतार’, ‘देश बंट गया’, ‘नान्यः पन्था’, ‘मूल्यांकन’, ‘द वे’, ‘हिंदूज अब्रॉड डाइलेमा’, ‘उजाले की ओर’ आदि उनकी महत्त्वपूर्ण कृतियाँ हैं। इन सबके कई भाषाओं में अनुवाद हुए हैं। ‘तोरबेरलु’ को 1982 में कन्नड़ साहित्य अकादमी ने पुरस्कृत किया। शेषाद्रि जी की भाषण शैली भी अद्भुत थी। वे सरल एवं रोचक उदाहरण देकर अपनी बात श्रोताओं के मन में उतार देते थे। 1984 में न्यूयॉर्क (अमेरिका) के विश्व हिंदू सम्मेलन तथा ब्रैडफोर्ड (ब्रिटेन) के हिंदू संगम में उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उनके भाषणों से वहाँ लोग बहुत प्रभावित हुए। अत्यधिक शारीरिक एवं मानसिक श्रम के कारण उनका शरीर अनेक रोगों का घर बन गया। जब चौथे सरसंघचालक रज्जू भैया अपने खराब स्वास्थ्य के कारण अवकाश लेना चाहते थे, तो सब कार्यकर्ता चाहते थे कि शेषाद्रि जी यह दायित्व संभालें। लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है। अतः किसी युवा कार्यकर्ता को यह काम दिया जाए। अंततः सह सरकार्यवाह सुदर्शन जी को यह दायित्व दिया गया। शेषाद्रि जी निरहंकार भाव से सह सरकार्यवाह और फिर प्रचारक प्रमुख के नाते कार्य करते रहे।

अंतिम दिनों में वे बंगलौर कार्यालय में रहते थे। वहाँ सायं शाखा पर फिसलने से उनके पैर की हड्डी टूट गई। एक बार पहले भी उनकी कूल्हे की हड्डी टूट चुकी थी। इस बार इलाज के दौरान उनके शरीर में संक्रमण फैल गया। इससे उनके सारे अंग क्रमशः निष्क्रिय होते चले गए। कुछ दिनों तक उन्हें चिकित्सालय में रखा गया। जब उन्हें लगा कि अब इस शरीर से संघ कार्य संभव नहीं रह गया है, तो उन्होंने सभी जीवन-रक्षक उपकरण हटवा दिए। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें संघ कार्यालय लाया गया। वहीं 14 अगस्त, 2005 की शाम उनका देहांत हो गया।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *