Headlines

ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह : पद से बड़ा था चरित्र

ठाकुर साहब के नाम से प्रसिद्ध ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह का जन्म 23 नवंबर 1923 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में स्थित मई ग्राम के एक किसान परिवार में हुआ था। तिलौली में ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह के पुत्रत्रय ठाकुर खड्ग जंग बहादुर सिंह, ठाकुर भानु प्रताप सिंह (भाना सिंह) एवं ठाकुर सबल सिंह का परिवार है। सबसे बड़े भाई ठाकुर सत्य नारायण सिंह के दो पुत्र ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह एवं ठाकुर रामसूरत सिंह हुए। आमडीह एवं तिलौली के प्रतिष्ठित क्षत्रिय परिवार के नरपुंगव ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह 1943 में मिर्जापुर में स्वयंसेवक बने। माधव जी देशमुख के प्रयास से मिर्जापुर में शाखा प्रारंभ हुई थी। संकठा प्रसाद सिंह उस शाखा के पहले मुख्य शिक्षक और फिर पहले प्रचारक बने। उन्होंने 1943 से 45 तक संघ शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। 21 फरवरी 1943 को सरसंघचालक गुरुजी से हुई भेंट में उन्होंने बताया कि वे पढ़ाई पूरी कर जीवन भर के लिए प्रचारक बनेंगे। इस पर गुरुजी ने उन्हें आशीर्वाद दिया, लेकिन संघ-कार्य की लगन इतनी अधिक थी कि इंटर की पढ़ाई अधूरी छोड़कर वे प्रचारक बन गए। इसके बाद से गुरुजी सदैव उन्हें प्रेमपूर्वक ‘संकटमोचन’ कहकर बुलाते थे। प्रचारक बनने के कुछ समय बाद ही गांधी-हत्या के झूठे आरोप में संघ पर प्रतिबंध लग गया। अधिकांश प्रचारक पकड़े गए। ऐसे में वे जौनपुर, मिर्जापुर एवं आजमगढ़ में घूमकर जन-जागरण करते रहे। प्रतिबंध हटने पर वे 1949 से 1955 तक आजमगढ़, फिर दो वर्ष सीतापुर, छह वर्ष बस्ती और पाँच वर्ष जौनपुर में जिला प्रचारक रहे। फिर आजमगढ़, फर्रुखाबाद एवं झाँसी में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी मिली। शारीरिक कार्यक्रमों के प्रति उनका बहुत रुझान था। संघ शिक्षा वर्ग में उनकी विराट काया और कठोर अनुशासन से शिक्षार्थी थर्राते थे।

1977 में देश से आपातकाल हटने पर संघ ने कई संगठनों का निर्माण एवं विस्तार किया। उनमें से एक ‘भारतीय किसान संघ’ भी था। ठाकुर साहब के अनुभव, कार्यशैली एवं ग्राम्य-पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश और फिर पूरे उत्तर प्रदेश में इसके विस्तार की जिम्मेदारी मिली। उनकी स्मरण शक्ति का लोहा सभी मानते थे। 1985-86 में जब गुजरात में किसान आंदोलन छिड़ा, तो उन्हें उसका नेतृत्व करने को कहा गया। उनकी योजकता एवं दृढ़ निश्चय के चलते सरकार को झुककर 30 में से 17 माँगें माननी पड़ीं। गुजरात में आगे चलकर भाजपा को जो राजनीतिक लाभ मिला, उसके पीछे ठाकुर साहब के आंदोलन का बहुत बड़ा योगदान है। उनकी योग्यता देखकर 1988 में उन्हें भारतीय किसान संघ का राष्ट्रीय संगठन मंत्री तथा 2005 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। जब वृद्धावस्था के कारण प्रवास कठिन हो गया, तो समस्त जिम्मेदारी छोड़कर वे लखनऊ के मॉडल हाउस स्थित संघ कार्यालय में रहने लगे। संघ के सभी वरिष्ठ जनों से उनकी बहुत निकटता रही। पंडित दीनदयाल उपाध्याय को साइकिल पर बैठाकर उन्होंने जौनपुर की तीन तहसीलों का प्रवास कराया था। जनसंघ के महामंत्री बनने के बाद भी ठाकुर साहब के आग्रह पर बस्ती एवं जौनपुर में उन्होंने प्रवास किया। उत्तर प्रदेश में संघ-कार्य के सूत्रधार भाऊराव देवरस थे। 1952 में किसी कारण वे घर वापस चले गए। उन्होंने प्रदेश के सभी प्रचारकों को मुक्त कर दिया। लेकिन ठाकुर साहब को अपना वह संकल्प याद था, जो उन्होंने 1943 में गुरुजी को दिया था। इसलिए वे कार्यक्षेत्र में डटे रहे। 1945 में तृतीय वर्ष करते समय बालासाहब देवरस ने उनसे पूछा, जिन्हें हम आदर्श मानते हैं, यदि उनका व्यवहार ठीक न हो, तो क्या करोगे? ठाकुर साहब ने कहा, मैं इसके बाद भी पूरी जिम्मेदारी से काम करता रहूँगा। इस पर बालासाहब ने उनकी पीठ थपथपाई।

वे समर्पण-अनुशासन के पर्यायवाची एवं निष्काम कर्मयोगी थे। 20 अक्टूबर 2017 को गोवर्धन पूजा के दिन लखनऊ स्थित केशव कुंज उनकी अंतिम कर्मभूमि बना। आज जब हम उन्हें स्मरण करते हैं, तो समझ में आता है कि वे क्यों ‘ठाकुर साहब’ कहलाए। वे केवल पद से नहीं, चरित्र से बड़े थे।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *