Headlines

भगवान् गणेश की पूजा में दूर्वा का विशेष महत्त्व : धार्मिक, आध्यात्मिक एवं आयुर्वेदिक रहस्य

भगवान् गणेश विघ्नहर्ता देवता हैं। ये आदिपूज्य देव हैं। प्रत्येक शुभ कार्य के पूर्व गणेशजी की पूजा होती है। गणेशजी की पूजा में वैसे तो अनेक उपचार लगते हैं, लेकिन गणेश-पूजा का प्रमुख उपचार दूर्वा है। दूर्वा के बिना की गई गणेश-पूजा अधूरी है। गणपति अथर्वशीर्ष में कहा गया है कि जो दूर्वांकुर से गणेशजी की पूजा करता है, वह कुबेर के समान होता है।

यो दूर्वाङ्कुरैर्यजति स वैश्रवणोपमो भवति।
(गणपति अथर्वशीर्ष)

‘दूर्वति रोगान् इति दूर्वा’, जो रोगों को दूर करे, वह दूर्वा है—इस व्युत्पत्ति के द्वारा यह ज्ञात होता है कि जो रोगों को या अनिष्ट को दूर करे, वह दूर्वा है। इस दृष्टि से भिन्न-भिन्न प्रकार की दूर्वा का आयुर्वेदिक महत्त्व भी है।

नीली दूर्वा—नीली दूर्वा शीतल होती है। इसमें तीन रस होते हैं—तिक्त, मधुर तथा कसैला। यह कफ, पित्त, रक्तदोष, विसर्प, प्यास, जलन तथा त्वचा रोग को दूर करती है।

नीलदूर्वा हिमा तिक्ता मधुरा तुवरा हरेत्।
कफपित्तास्रवीसर्पतृष्णादाहत्वगामयान्॥

(भावप्रकाश)

सफेद दूर्वा—सफेद दूर्वा कसैली और मीठी दो प्रकार की होती है। यह घावों को भरने वाली और जीवनी है। यह कड़वी तथा शीतल है एवं विसर्प, रक्तदोष, प्यास, पित्त, कफ तथा जलन को दूर करने वाली है।

श्वेतदूर्वा कषाया स्यात् स्वाद्वी व्रण्या च जीवनी।
तिक्ता हिमा विसर्पास्रतृट्पित्तकफदाहच्छित्॥

(भावप्रकाश)

आध्यात्मिक महत्त्व—’दूर्वति नाशयति अरिष्टं पापं विघ्नं वा’, जो अरिष्ट, पापों अथवा विघ्नों को नष्ट करे, वह दूर्वा है—इस व्युत्पत्ति से दूर्वा का आध्यात्मिक महत्त्व भी अतिशय है।

दूर्वा की उत्पत्ति की एक कथा इस प्रकार है—जब देव-दैत्योंने मिलकर अमृत के लिए क्षीरसमुद्र का मन्थन किया था, तब भगवान् विष्णु की भुजा, जाँघ आदि के रोम मन्दराचल की रगड़ से टूटकर समुद्र में गिरे। लहरों के थपेड़ों से वे ही रोम समुद्र के किनारे पर लगे, जिससे हरे रंग की सुन्दर दूर्वा उत्पन्न हुई। इस प्रकार यह दूर्वा भगवान् विष्णु के शरीर से उत्पन्न हुई है। जब समुद्र-मन्थन के बाद अमृत कलश निकला, तो उस कलश को भी उसी दूर्वा पर रखा गया था। उस कलश से अमृत की कुछ बूँदें उस दूर्वा पर भी गिरीं, इसलिये यह दूर्वा अजर, अमर और देवताओं के द्वारा भी पूजनीया हो गयी। दूर्वा सारे पापों को नष्ट करती है। कहा गया है—

दूर्वा हरति पापानि धात्री हरति पातकम्।
हरीतकी हरेद्रोगं तुलसी हरते त्रयम्॥

भगवान् गणेशजी की पूजा में दूर्वा का विशेष महत्त्व है। कुछ लोग ऐसा कहते हैं कि दूरस्थित भक्तों का रक्षण करने के कारण इसे दूर्वा कहा जाता है। गणेशजी को चढ़ाई जाने वाली दूर्वा अत्यन्त कोमल होनी चाहिये। इसे बालतृण कहा जाता है। दूर्वा की पत्तियों को चढ़ाते समय यह देखा जाता है कि इसके पत्तों की संख्या विषम हो। जैसे ३, ५, ७, ९ विषम संख्या की पत्तियों वाली दूर्वा चढ़ाई जाती है। इसी तरह गणेशजी को चढ़ाई जाने वाली दूर्वा में गाँठ भी विषम संख्या में हों, तो उत्तम माना जाता है। देवी को सोलह गाँठ वाली दूर्वा चढ़ाने का विशेष महत्त्व है, लेकिन गणेशजी को विषम गाँठ वाली दूर्वा चढ़ानी चाहिये। गणेशजी को २१ दूर्वा चढ़ाने का विशेष महत्त्व है। कुछ लोग २१ दूर्वा की एक गाँठ बना लेते हैं और इस तरह की २१ गाँठ गणेशजी को अर्पण करते हैं। इसी प्रकार विषम संख्या में दूर्वा को लेकर उसकी विषम संख्या में ही गाँठ बनाकर गणेशजी को अर्पण किया जाता है। जैसे ३, ५ या ७ दूर्वा लेकर उसकी ३, ५ या ७ गाँठ बनाकर अर्पण किया जाता है। दूर्वा चढ़ाते समय यह वैदिक मन्त्र कहा जाता है—

काण्डात् काण्डात् प्ररोहन्ति परुषः परुषस्परि।
एवा नो दूर्वे प्रतनु सहस्रेण शतेन च॥

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *