Headlines

संविधान की मूल प्रति में जीवन्त भारतीय संस्कृति

भारतीय संविधान की मूल हस्तलिखित प्रति अपने आप में भारतीय इतिहास, कला और लोकतांत्रिक चेतना का अद्भुत संगम है। इसके 22 चित्र भारत की लगभग पाँच हजार वर्षों की सभ्यतागत यात्रा को दृश्य रूप में प्रस्तुत करते हैं। इनमें प्राचीन सभ्यताओं का वैभव है, ऋषियों की ज्ञान परम्परा है, महापुरुषों का दर्शन है, राजाओं और सन्तों का योगदान है, कलाकारों की सृजनशीलता है तथा स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष है।

मूल संविधान की कलात्मक रचना

भारत के मूल संविधान की अंग्रेजी प्रति का हस्तलेखन प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने किया था। हिन्दी प्रति का सुलेखन वसन्त कृष्ण वैद्य ने किया। इसके पृष्ठों को कलात्मक रूप से सजाने और ऐतिहासिक चित्रों के निर्माण का कार्य शान्तिनिकेतन के प्रसिद्ध कलाकार आचार्य नन्दलाल बोस के मार्गदर्शन में हुआ। इस कार्य में शान्तिनिकेतन के अनेक कलाकारों और विद्यार्थियों ने सहयोग दिया। इनमें बेओहर राममनोहर सिन्हा सहित कई कलाकारों का योगदान उल्लेखनीय है।

भारतीय संविधान में प्रयुक्त चित्र

सिन्धु घाटी सभ्यता : संविधान के प्रारम्भिक भाग में सिन्धु घाटी सभ्यता की प्रसिद्ध वृषभ मुहर का चित्रांकन मिलता है। संविधान की शुरुआत में इस सभ्यता का चित्र शामिल करना इस बात का संकेत है कि आधुनिक भारत की जड़ें अत्यन्त प्राचीन इतिहास में विद्यमान हैं।

वैदिक काल का गुरुकुल : इस चित्र में वैदिक गुरुकुल का दृश्य प्रस्तुत किया गया है। इसमें प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था, ऋषियों और शिष्यों की परम्परा तथा ज्ञान की साधना को दर्शाया गया है।

श्रीराम का पुष्पक विमान से अयोध्या वापसी : रामायण का यह दृश्य त्याग, कर्तव्य, मर्यादा, पारिवारिक सम्बन्ध और धर्म की स्थापना जैसे सांस्कृतिक आदर्शों का प्रतिनिधित्व करता है। रामायण भारतीय समाज के साहित्य, लोकजीवन, नाट्यकला, संगीत और त्योहारों को सदियों से प्रभावित करती रही है।

श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश : महाभारत का यह दृश्य जीवन के संघर्षों, नैतिक दुविधाओं और कर्तव्य पालन का प्रतीक है। गीता का कर्मयोग भारतीय दर्शन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। इस चित्र के माध्यम से संविधान की कलात्मक प्रस्तुति में भारतीय दार्शनिक चिन्तन को भी स्थान मिला है।

महात्मा बुद्ध : इस चित्र में बुद्ध के जीवन से सम्बन्धित आध्यात्मिक चिन्तन और उपदेश की परम्परा दिखायी गयी है।

महावीर स्वामी : महावीर स्वामी का यह ध्यानमग्न चित्र जैन दर्शन की तपस्या, आत्मसंयम और अहिंसा की भावना को व्यक्त करता है।

सम्राट अशोक : यह चित्र भारतीय संस्कृति की उस विशेषता को सामने लाता है जिसमें शक्ति से अधिक नैतिकता और विजय से अधिक मानवीय कल्याण को महत्व दिया गया है।

गुप्तकाल की कला और सांस्कृतिक उत्कर्ष : गुप्तकालीन कला से सम्बन्धित चित्र भारतीय मूर्तिकला, चित्रकला और स्थापत्य की समृद्ध परम्परा को दर्शाता है। इस काल की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ भारतीय ज्ञान-विज्ञान की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं।

विक्रमादित्य का दरबार : यह चित्र भारतीय राजदरबारों में कला, साहित्य और संगीत को प्राप्त संरक्षण का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति के विकास में शासकों के साथ-साथ कवियों, विद्वानों, संगीतकारों और कलाकारों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

नालन्दा विश्वविद्यालय : प्राचीन नालन्दा विश्वविद्यालय का चित्र भारत की उच्च शिक्षा और बौद्धिक उपलब्धियों को रेखांकित करता है। यह चित्र प्रमाणित करता है कि भारत प्राचीन काल से ही ज्ञान के अन्तरराष्ट्रीय केन्द्र के रूप में प्रतिष्ठित रहा है।

ओडिशा की मूर्तिकला : संविधान में ओडिशा की मूर्तिकला से सम्बन्धित चित्र भारतीय मन्दिर स्थापत्य और शिल्प परम्परा को दर्शाता है।

नटराज का चित्र : नटराज का चित्र भारतीय दर्शन, नृत्य और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करता है। भगवान शिव का नटराज स्वरूप सृजन, संरक्षण और संहार के चक्र का प्रतीक है। इसमें भारतीय शास्त्रीय नृत्य परम्परा और मूर्तिकला की सौन्दर्यात्मक ऊँचाइयाँ दिखायी देती हैं।

महाबलीपुरम की मूर्तिकला : यह चित्र दक्षिण भारतीय स्थापत्य कला की उत्कृष्टता को सामने लाता है। यह चित्र दर्शाता है कि भारत की सांस्कृतिक पहचान केवल उत्तर भारतीय परम्पराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दक्षिण भारत की कलात्मक उपलब्धियाँ भी इसमें समान रूप से समाहित हैं।

अकबर का चित्र : मुगल सम्राट अकबर का चित्र मुगल स्थापत्य और दरबारी संस्कृति के साथ प्रस्तुत किया गया है। यह चित्र भारतीय इतिहास के मध्यकालीन अध्याय को संवैधानिक सांस्कृतिक विरासत में स्थान देता है।

शिवाजी और गुरु गोबिन्द सिंह : छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिन्द सिंह के चित्र भारतीय इतिहास में साहस, आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और धार्मिक-सांस्कृतिक स्वाभिमान की परम्परा को दर्शाते हैं। दोनों व्यक्तित्वों ने अपने समय की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। इनका समावेश भारतीय इतिहास में क्षेत्रीय, धार्मिक और सांस्कृतिक योगदानों की व्यापकता को रेखांकित करता है।

टीपू सुल्तान और रानी लक्ष्मीबाई : टीपू सुल्तान और रानी लक्ष्मीबाई के चित्र ब्रिटिश औपनिवेशिक विस्तार के विरुद्ध भारतीय प्रतिरोध की भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों ने अपने-अपने समय में विदेशी सत्ता के विरुद्ध संघर्ष किया। विशेष रूप से रानी लक्ष्मीबाई का व्यक्तित्व भारतीय स्वतंत्रता चेतना में वीरता, साहस और महिला नेतृत्व का प्रेरणादायक उदाहरण है।

महात्मा गांधी का दाण्डी मार्च दर्शाने वाला चित्र : यह चित्र भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन की अहिंसक संघर्ष परम्परा को प्रस्तुत करता है। गांधीजी का सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह का दर्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ आधुनिक लोकतांत्रिक चेतना का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नोआखाली में गांधीजी : गांधीजी को नोआखाली के दंगा प्रभावित क्षेत्रों में शान्ति स्थापित करने के प्रयासों के दौरान दर्शाने वाला चित्र मानवीय एकता और धार्मिक सद्भाव का सन्देश देता है।

नेताजी सुभाष चन्द्र बोस : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और विदेश में रहकर भारत की स्वतंत्रता के लिये संघर्ष करने वाले देशभक्तों का चित्र स्वतंत्रता आन्दोलन के एक महत्वपूर्ण अध्याय को सामने लाता है। यह चित्र बताता है कि स्वतंत्रता प्राप्ति में विभिन्न विचारधाराओं और संघर्ष पद्धतियों का योगदान रहा।

हिमालय का दृश्य : भारत के उत्तर मे स्थित विशाल हिमालय पर्वत का यह चित्र भारत की भौगोलिक विविधता को दर्शाता है।

रेगिस्तान का चित्र : राजस्थान के थार रेगिस्तान का यह चित्र भी भारत की भौगोलिक विविधता को दर्शाता है।

महासागर का चित्र : हिन्द महासागर का यह चित्र भारत की समुद्री सीमा एवं समुद्री संपदा का प्रतीक है।

मूल संविधान की प्रस्तावना के पृष्ठ को भी विशेष कलात्मक सज्जा से अलंकृत किया गया है। इसकी सजावट में भारतीय अलंकरण कला और पारम्परिक चित्रांकन की झलक मिलती है। राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में अशोक स्तम्भ का सिंह शीर्ष तथा उसके नीचे अंकित ‘सत्यमेव जयते’ भारत की प्राचीन ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक गणराज्य की नैतिक प्रतिबद्धता के बीच सम्बन्ध स्थापित करते हैं।

मूल संविधान के चित्रों का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि इनमें भारत की सांस्कृतिक यात्रा को किसी एक कालखण्ड, धर्म अथवा क्षेत्र तक सीमित नहीं किया गया है। सिन्धु घाटी की सभ्यता से लेकर वैदिक परम्परा, रामायण-महाभारत, बौद्ध और जैन दर्शन, मौर्य एवं गुप्तकालीन कला, मध्यकालीन इतिहास और आधुनिक स्वतंत्रता आन्दोलन तक अनेक ऐतिहासिक धाराओं को स्थान मिला है।

आज जब संविधान की चर्चा प्रायः मौलिक अधिकारों, राजनीतिक व्यवस्थाओं और कानूनी प्रावधानों तक सीमित रह जाती है, तब इसकी मूल प्रति के चित्र हमें भारतीय इतिहास और संस्कृति को समझने का एक अलग दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। शिक्षण संस्थानों में संविधान की शिक्षा के साथ इन चित्रों का अध्ययन भी कराया जाना चाहिये। इनके माध्यम से विद्यार्थी भारतीय कला, स्थापत्य, दर्शन, साहित्य, स्वतंत्रता आन्दोलन और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों से परिचित हो सकते हैं। यह समझना भी आवश्यक है कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण केवल अतीत का गौरवगान करना नहीं है, बल्कि उसके मानवीय, वैज्ञानिक और नैतिक मूल्यों को वर्तमान जीवन में अपनाना है। संविधान की मूल प्रति का सबसे सुन्दर सन्देश शायद यही है कि भारत को समझने के लिये उसके कानूनों को पढ़ना जितना आवश्यक है, उसकी सभ्यता, संस्कृति, कला और इतिहास को देखना भी उतना ही आवश्यक है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *