Headlines

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास में तीन नए न्यासी नियुक्त, जीतेंद्र मिश्र बने CEO

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के न्यासियों की बैठक आज भाद्रपद कृष्णा पंचमी, 2083, बुधवार, 2 सितंबर, 2026 को अयोध्या में सम्पन्न हुई । इसमें न्यासी मंडल में रिक्त स्थानों की पूर्ति, मुख्य कार्यकारी अर्धाकारी (सी ई ओ) की नियुक्ति, वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों का अनुमोदन आदि के साथ विशेष जांच दल द्वारा जांच की प्रगति, उच्चतम न्यायालय में इस विषय पर अद्यतन जानकारी आदि अनेक विषयों पर चर्चा हुई एवं महत्वपूर्ण निर्णय हुए ।

न्यासियों ने माननीय उच्चतम न्यायालय में कथित वितीय अनियमितताओं के संबंध में प्रविष्ट याचिका पर विशेष जांच दल द्वारा इन आरोपों की जांच के संबंध में न्यायालय द्वारा पारित आदेश का संज्ञान लिया जिसमें जांच का क्षेत्र – कालखंड और विषय दोनों के संबंध में विस्तृत किया गया है। न्यास ने इस आदेश का स्वागत किया है जिससे सत्य प्रकाशित हो सके और जन-मन से भ्रम का निवारण हो सके ।

चढ़ावे की नगद राशि की गणना की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम करने के निमित्त किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई। दो बैंकों और आई आई टी से इस संबंध में कुछ प्रस्ताव मिले हैं जिनका मूल्यांकन कर शीघ्र ही तकनीक की सहायता से इस दिशा में प्रगति हो सकेगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी का चयन करने के निमित गठित समिति की अनुशंसा पर चर्चा के पश्चात न्यास ने सेवा निवृत वायुसेना उपाध्यक्ष श्री जीतेंद्र मिश्र का चयन करते हुए उन्हें इस दायित्व पर नियुक्त किया गया है । ऐसी आशा है कि वे शीघ्र ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। श्री मिश्र को भारतीय वायु सेना में विभिन्न विभागों में 39 वर्ष कार्य करने और नेतृत्व का लंबा अनुभव है। उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल का पुरस्कार मिला है जो सशस्त्र सेनाओं में सर्वोच्च मेडल है। गत वर्ष का सफल अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उन्हीं के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ था। न्यासी मंडल ने चयन समिति के सदस्यों सर्व श्री न्यायमूर्ति (सेवा निवृत) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत) विष्णुकांत चतुर्वेदी, सुरेश हावड़े और समिति के सचिव श्री समीर पंडा के प्रति अल्पकाल में साढ़े पाँच हजार आवेदनों की जांच और सैंकड़ों आवेदकों का साक्षात्कार कर इस महती कार्य को सम्पन्न करने के लिए आभार व्यक्त किया ।

तीन न्यासियों के रिक्त स्थानों पर नियुक्ति पर विचार कर तीन नवीन न्यासी नियुक्त किए गए हैं। वे हैं: श्री महेश भागचंदका, श्री मदनमोहन पांडे और डॉ निर्मला यादव । उनके परिचय संलग्न हैं।

न्यास ने पदाधिकारियों के दायित्व पर भी चर्चा की । तदनुसार स्वामी गोविंददेव गिरि अब महामंत्री रहेंगे। श्री महेश भागचंदका अब कोषाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे । न्यासी मंडल ने पिछले दो माह की कठिन एवं चुनौतीपूर्ण अवधि में महामंत्री पद का कार्यभार सफलतापूर्वक निर्वहन करने हेतु श्री कृष्ण मोहन जी की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया ।

वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखे प्रस्तुत किए गए जिनके अनुसार वर्ष में कुल आय रु. 237 करोड़ और व्यय रु. 91 करोड़ रहे । इनके अतिरिक्त निर्माण आदि कार्यों पर करोड़ रु. 825 का पूंजीगत व्यय हुआ । वर्ष के अंत, 31 मार्च, 2026, को न्यास के पास कुल उपलब्ध राशि रु. 1,882 करोड़ थी । न्यासी मंडल ने लेखों को अनुमोदित किया ।

स्वामी गोविंददेव गिरि
महामंत्री

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *