Headlines

ठाकुर गुरुजन सिंह: ‘गुरु जी’ ने दुर्जन को बनाया गुरुजन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों में से एक तथा विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता ठाकुर गुरुजन सिंह का जन्म 20 नवंबर 1918 को ग्राम खुरुहुजा (बबुरी बाजार, जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उनके पिता का नाम शिवमूरत सिंह और दादा का नाम भृगुनाथ सिंह था। वे दो भाई थे। बड़े भाई डॉ. बब्बन सिंह कालांतर में गढ़वा घाट मठ में संन्यास दीक्षा लेने के बाद वहीं रहने लगे।

ठाकुर गुरुजन सिंह की प्रारंभिक शिक्षा बनारस के जय नारायण इंटर कॉलेज में हुई। परंतु उनका मन पढ़ाई में नहीं लगता था। बनारस में परिवारी जनों की ‘शीला रंग कंपनी’ थी, उसमें वह काम करने लगे। बनारस के जिस मोहल्ले में कंपनी थी, उसके पास एक अहाते में संघ शाखा लगती थी। ठाकुर साहब शाखा जाने लगे। संभवतः यह काल 1933 से 1935 के बीच का है। भाऊराव देवरस से बनारस में ही परिचय हुआ, मित्रता बढ़ने लगी। ठाकुर साहब और भाऊराव बनारस में एक ही साइकिल पर घूमते थे। संघ कार्य में अधिक समय लगने लगा तो उन्होंने रंग कंपनी के प्रमुखों से कहा, ‘अब मैं कार्य छोड़ना चाहता हूं, क्योंकि मेरा अधिकतम समय संघ कार्य में लगता है और यहां नहीं आ पाता हूं।’ कंपनी के प्रमुखों ने उत्तर दिया, ‘आप संघ का काम करिए। कंपनी में आपका नाम चलता रहेगा। हम आपको धन देते रहेंगे।’ अनेक वर्षों तक ऐसा ही चला। 1948 के संघ पर लगे प्रतिबंध के समय ठाकुर साहब को गंगा स्नान करके वापस आते समय काशी में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वे भाऊराव देवरस, अशोक सिंघल, दत्तराज कालिया आदि के साथ काशी जेल में बंद रहे। 1955-56 में वे बनारस में नगर कार्यवाह थे। कालांतर में संघ के प्रचारक हो गए। 1964 में उन्होंने बनारस में विभाग प्रचारक का दायित्व संभाला। वे संघ कार्य में इतने तल्लीन हो गए कि अपने एकमात्र पुत्र नरेंद्र के विवाह में भी समय पर नहीं पहुंचे। बड़े भाई डॉ. बब्बन सिंह एवं घनिष्ठ सहयोगी सोमनाथ सिंह ने नरेंद्र के विवाह की सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

बनारस में ठाकुर गुरुजन सिंह का संपर्क क्रांतिकारी शचीन्द्रनाथ सान्याल से हुआ। सान्याल की अस्वस्थता के समय ठाकुर साहब ने उनकी सेवा की। ठाकुर साहब ने 1971 से 1978 तक किसानों का संगठन के लिए कार्य किया। आपातकाल में वे साधु वेश में भूमिगत रहकर काम करते रहे। 1979 से विश्व हिंदू परिषद का दायित्व संभाला। जनवरी 1979 में प्रयागराज में संगम तट पर संपन्न हुए द्वितीय विश्व हिंदू सम्मेलन की तैयारियों के वे स्तंभ थे। विश्व हिंदू परिषद में उनका केंद्र प्रयागराज हो गया। यहां कीडगंज मोहल्ले में विश्व हिंदू परिषद के पास कार्यालय के रूप में भार्गव जी का एक पुराना भवन था। ठाकुर साहब यहीं रहते थे। वे नित्य संगम स्नान को जाते थे। उनके पास जो भी व्यक्ति आता था, वे उसे अपने हाथ से भोजन बनाकर खिलाते थे। तभी उसे सोने देते थे। बीमारों की सेवा वे सारी रात जागकर करते थे। अनेक विद्यार्थियों को उन्होंने योग्य शिक्षा की प्रेरणा दी। पढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां निर्मित की। उन्हें आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, जड़ी-बूटियों के रोग निवारक गुणों की खासी जानकारी थी।

वे सदैव मोटी खादी का तीन चौथाई बांहों का कुर्ता तथा ऊंची बंधी मोटी खादी की धोती पहनते थे। द्वितीय सरसंघचालक गुरुजी के पास एक कमंडल रहता था। एक बार उसकी मरम्मत कराने की आवश्यकता थी। बनारस आने पर उन्होंने ठाकुर साहब से पूछा, यह क्या है? जवाब मिला, ‘है तो यह लौकी की तूम्बड़ी, परंतु महत्व इसका है कि यह किसके हाथ में हैं। तब गुरुजी बोले, ‘अच्छा तो तुम इस कमंडल की मरम्मत करा दो।’ गुरु जी ने उनका परिचय कराते समय कहा था कि यह महात्मा है, महात्मा।

ठाकुर साहब के जन्म के समय उनका नाम दुर्जन सिंह रखा गया था। गुरु जी ने ही उनका नाम गुरुजन सिंह रखा था। 2000 के आसपास ठाकुर साहब को फेफड़े की बीमारी ने घेर लिया। अशोक सिंघल उन्हें इलाहाबाद के कीडगंज कार्यालय से अपने पैतृक घर महावीर भवन ले आए। इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. एस. के. जैन ने उनकी देखभाल अपने पिता के समान की। 28 नवंबर 2013 को रात्रि नौ बजे उन्होंने भोजन किया। उनका रक्तचाप नापने के लिए डॉ. जैन का सहायक अमित उनके पास आया। देखा तो ठाकुर साहब अचेत थे, उसने आवाज दी। कोई उत्तर नहीं मिला। हिलाया तो पता चला कि ठाकुर साहब नहीं रहे। उनकी राष्ट्रसेवा, संघर्ष और समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणादायी है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *