गुण-दोषयुक्त जीवन ही वर्तमान वस्तुस्थिति है। इसके आधार पर ही प्राणी का व्यक्तित्व जीवित है। केवल दोषों के आधार पर किसी का भी व्यक्तित्व अर्थात् अहम् भाव जीवित नहीं रह सकता। ऐसा कोई व्यक्ति हो ही नहीं सकता, जो सर्वांश में दोषी हो। बुरे-से-बुरे व्यक्ति भी किसी-न-किसी अंश में किसी-न-किसी के लिये भला सिद्ध होते हैं। व्यक्तियों में केवल इतना ही अन्तर होता है कि कहीं गुणों की अधिकता और दोषों की न्यूनता होती है, तो कहीं दोषों की अधिकता और गुणों की न्यूनता। इसी आधार पर हम किसी को भला और किसी को बुरा मान बैठते हैं। गुण-दोष समान अवस्था में किसी व्यक्ति में नहीं होते, क्योंकि दो विरोधी शक्तियाँ सम होने पर गतिशून्य हो जाती हैं। गति तभी तक रहती है, जब तक वैषम्य हो।
जिस प्रकार प्रत्येक काष्ठ में किसी-न-किसी अंश में अग्नि विद्यमान रहती है, तभी काष्ठ का अस्तित्व उपयोगी सिद्ध होता है। यदि किसी कारण अग्नि की मात्रा अधिक हो जाय, तो काष्ठ के रूप में वह उपयोगी नहीं रहता और यदि काष्ठ किसी अंश में न रहे, तो प्रज्वलित अग्नि भी शान्त हो जाती है। उसी प्रकार गुण-दोष के वैषम्य के आधार पर ही सीमित अहम् भाव की सिद्धि होती है और उसमें कर्तृत्व तथा भोगत्व जीवित रहते हैं। उसी कर्तृत्व और भोगत्व के अभिमान से चित्त अशुद्ध होता है।
चित्त-शुद्धि के लिये गुण-दोषयुक्त अहम् भाव का अन्त करना अनिवार्य है। यह नियम है कि दोषों का अन्त होने पर गुणों का अभिमान स्वयं गल जाता है और सर्वांश में गुणों का प्रादुर्भाव होने पर दोष स्वतः मिट जाते हैं। फिर सीमित अहम् भाव जीवित नहीं रहता। प्राकृतिक नियम के अनुसार कोई भी व्यक्ति सर्वांश में दोषी नहीं हो सकता। जिस प्रकार अन्धकार प्रकाश से ही प्रकाशित होता है, उसके बिना नहीं, उसी प्रकार दोष का अस्तित्व भी किसी गुण के आधार से ही प्रकाशित होता है, बिना गुण के नहीं। तात्पर्य यह है कि सर्वांश में न तो कोई दोषी हो सकता है और न कोई दोषी रहना ही चाहता है, क्योंकि दोष अपनी दृष्टि में भी अपने को प्रिय नहीं होता और दूसरों को भी प्रिय नहीं होता। जिसके प्रति किसी भी अंश में प्रियता नहीं रहती, उसका अस्तित्व ही नहीं रह सकता, अथवा यों कहो कि उससे सम्बन्ध ही नहीं रह सकता। प्रियता में भी सम्बन्ध सुरक्षित रखने की सामर्थ्य है। दोष दोषी को अपनी दृष्टि में भी चैन से नहीं रहने देता और दूसरे तो दोष से उपेक्षा करते ही हैं। पर दोषी अपने किसी गुण को देखकर दोष से उत्पन्न हुई वेदना को शिथिल कर लेता है अथवा पराये दोष को देखकर मिथ्या सन्तोष कर बैठता है, जिससे दोष दोषी से निकल नहीं पाता। इस दृष्टि से अपना गुण और दूसरों का दोष देखना बड़ा ही भयंकर दोष है, अथवा यों कहो कि यही दोष सभी दोषों की भूमि है। इस दोष का अन्त होते ही सभी दोष स्वतः मिट जाते हैं और फिर चित्त शुद्ध हो जाता है।
अब यदि कोई यह कहे कि अपना गुण नहीं देखना चाहिये, तो क्या दोष को ही देखते रहें? नहीं। कारण कि अपने दोषों का चिन्तन करते रहना और अपने को दोषी मानते रहना ही चित्त-शुद्धि का उपाय नहीं है। परंतु जब अपने में दोष का दर्शन हो, तब उस व्यथा को दबाने के लिये अपना गुण अथवा पराया दोष नहीं देखना चाहिये। ऐसा करने से दोषजनित वेदना तीव्र हो जायगी और दोषजनित सुख का राग मिट जायगा। सुख का राग मिटते ही दोष की उत्पत्ति ही न होगी, अर्थात् स्वतः निर्दोषता आ जायगी, जो गुणों के अभिमान को खाकर चित्त को शुद्ध कर देगी। दोष की वेदना का तीव्र न होना ही चित्त को अशुद्ध रखने में हेतु है। यद्यपि वेदना स्वयं उत्पन्न होती है, पर प्राणी प्रमादवश उसे दबा देता है। उसका परिणाम यह होता है कि चित्त शुद्ध नहीं हो पाता।