संसार में किसी भी काम में हाथ डालने के पहले अपनी शक्ति का पता लगा लेना चाहिए, तभी हम किसी भी विभाग या शाखा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। एक विद्वान ने कहा है—Weaklings have no place in the world. ‘कमजोरों के लिए संसार में कहीं स्थान नहीं है।’ हमको अपनी पूरी शक्तियों का ज्ञान नहीं है, इसीलिए हम संसार को भाररूप मालूम हो रहे हैं और हमारा कहीं ठिकाना नहीं है, क्योंकि हमको स्वयं अपनी शक्ति में विश्वास नहीं है। परमात्मा ने किसी को निर्बल या बलवान् नहीं बनाया है। तुम अपनी अवस्था को जैसी चाहो वैसी बना सकते हो। तुम कहोगे कि हमारे प्राचीन ऋषि, मुनि, महात्माओं में शक्तियाँ और सिद्धियाँ थीं। इन बातों के राग अलापने से उन्नति की तरफ तुम कुछ भी नहीं बढ़ सकते। उनमें जो सिद्धियाँ और शक्तियाँ थीं, वे तुममें भी हैं और तुम भी अपनी अपार उन्नति कर सकते हो और महात्मा बन सकते हो।
प्रयत्न करो, पुरुषार्थ करो, परिश्रम करो, तप करो और तुम्हारे भीतर जो शक्ति का भंडार भरा पड़ा है, उसे खोल दो। तुम्हारे भीतर एक ऐसी शक्ति विद्यमान है कि तुम उसकी सहायता से जो कुछ चाहो सो कर सकते हो।
कोई इसे पराशक्ति, ज्ञानशक्ति, इच्छाशक्ति, क्रियाशक्ति कहते हैं। कोई चितिशक्ति कहकर पुकारते हैं; कोई जगन्माता, जगदंबा, जगज्जननी के नाम से स्मरण करते हैं।
यह आनंदमयी चितिशक्ति उपास्य की ही शक्ति है। उपासक को बिना इस शक्ति की सहायता के परमात्मा की प्राप्ति नहीं हो सकती।
‘नायमात्मा बलहीनेन लभ्यः’ — शक्तिहीन को न आत्मा की और न परमात्मा की ही प्राप्ति हो सकती है। इसलिये शक्ति की उपासना करो। चितिशक्ति पूर्ण प्रेमस्वरूप है; चितिशक्ति सत्यस्वरूप है; चितिशक्ति सर्वव्यापक है, चेतनमय है।
चितिशक्ति की प्रसन्नता के लिये तुम्हें बलिप्रदान करना होगा, किंतु हिंसात्मक बाह्य-बलि नहीं। अपने अहंकाररूपी मस्तक को प्रेमरूपी तलवार से पृथक् करके उनके चरणकमलों में समर्पित करो। प्राणिमात्र पर प्रेम करो। चितिशक्ति जगज्जननी जगदंबा है; चितिशक्ति तुच्छ-से-तुच्छ कीट और महान्-से-महान् प्राणी ब्रह्मा तक में, सबमें है—सर्वप्रिय है; क्योंकि उसका निवास सब प्राणियों में है, सब उसकी प्रिय संतति हैं। सबकी रक्षा और पालन वह अपने ऊपर कष्ट लेकर कर रही है। चितिशक्ति प्रेमरूप है, चर-अचर प्राणिमात्र में व्यापक है।
भूतमात्र में चितिशक्ति है, इसलिये सबको आत्मवत् समझो। बालक, युवा, वृद्ध, स्त्री-पुरुष, रंक-राजा, साधु या पापी, मूर्ख या विद्वान्, सबके प्रति प्रेम की धारा बहाओ। शुद्ध विचारों का ही निरंतर अंतःकरण में उदय होने दो। अशुद्ध विचार पास भी न फटकने पावें। शुद्ध विचार और शुद्ध आचरण ही माँ को प्रसन्न करने का उपाय है। सद्विचार करो, शुद्ध आचरण का पालन करो; अगर माँ को प्रसन्न करना है, तो शुद्ध विचार अखंड हृदय में जाग्रत रखो।
शक्ति का संचय करो, शक्ति की ही उपासना करो; शक्ति ही जीवन है, शक्ति ही धर्म है, शक्ति ही सत्य है, शक्ति ही सब कुछ है; शक्ति की ही सर्वत्र आवश्यकता है। बलवान् बनो, वीर बनो, निर्भय बनो, साहसी बनो, स्वतंत्र बनो और शक्तिशाली बनो।
तुम निरे मिट्टी के पुतले नहीं हो, हाड़-मांस और रक्त के थैले नहीं हो, निर्जीव मुर्दे के समान नहीं हो, किंतु एक सजीव शक्तिसंपन्न चेतन आत्मा हो। तुम्हारे जीवन का उद्देश्य किसी विशेष उद्देश्य को पूर्ण करना है।
प्रत्येक मनुष्य में दैवी शक्ति छिपी हुई है और वह सब कुछ कर सकता है। समस्त मानसिक और शारीरिक निर्बलताओं पर विजय प्राप्त करो और जीवन को आनंदमय बनाओ। कोई निर्बल व्यक्ति स्वतंत्र नहीं हो सकता। शक्ति स्वयं ईश्वर का रूप है। यह शक्ति सर्वव्यापक है। यह शक्ति तुम्हारे भीतर गुप्त है। तुम इस शक्ति के बल से अपनी परिस्थिति बदल सकते हो। तुममें शक्ति है। शक्ति तुम्हारे भीतर-बाहर सर्वत्र मौजूद है।
शक्ति तुम्हारी जननी है, तुम्हारे शरीर और प्राणों की जननी है। जगत् में और तुम्हारे शरीर में जो कुछ जीवन है—चेतन है, उस सबकी वही दयामयी जननी है। तुम यह कल्पना करो कि तुम सदा शक्ति में ही रहते हो, शक्ति में ही चलते हो और शक्ति में ही जीवित रहते हो। आगे-पीछे, ऊपर-नीचे, दाएँ-बाएँ, सब तरफ शक्ति ही शक्ति को देखते रहो।
तुम अपनी मनःस्थिति को उस महान् शक्ति से संयुक्त कर लो, जिससे सब शक्तियाँ प्रवाहित हो रही हैं।
शक्ति की प्रार्थना—
रात्रि के पिछले हिस्से में अपने बिस्तर से उठ बैठो और शांत होकर एक दिव्य ध्वनि को, जो सारे संसार में गूँज रही है, ध्यान से सुनो। यह ध्वनि तुम्हारे हृदयमंदिर में हो रही है। हृदयमंदिर ही चितिशक्ति का निवासस्थान है। अंग-प्रत्यंग को ढीला करके शांति और स्थिरता से किसी भी सुखासन में बैठ जाओ और नीचे लिखी हुई प्रार्थना करो—
प्रार्थना—
दयामयी जननी! आनंदमयी, स्नेहमयी, अमृतमयी माँ!! तुम्हारी जय हो। माँ! जिस प्रकार बिना पंख के पक्षी अपनी माँ की बाट जोहते रहते हैं, जैसे भूख से पीड़ित बछड़े अपनी माँ की बाट देखते रहते हैं, वैसे ही माँ! मैं तुम्हारी बाट देखता रहता हूँ। तुम जल्दी से आकर मुझे दर्शन दो। तुम मेरे मन में, शरीर में व्याप्त हो। मैं तुम्हें समझ सकूँ, तुम्हारा दर्शन कर सकूँ, ऐसी बुद्धिशक्ति मुझे प्रदान करो।
दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेषजन्तोः
स्वस्थैः स्मृता मतिमतीव शुभां ददासि।
दारिद्र्यदुःखभयहारिणि का त्वदन्या
सर्वोपकारकरणाय सदार्द्रचित्ता॥
‘हे माँ! तुम्हारा स्मरण करने से समस्त जीवों के भय का नाश होता है और शांत-चित्त से स्मरण करने पर अत्यंत शुद्ध बुद्धि तुम देती हो। दरिद्रता, दुःख और भय का नाश करने वाली तुम्हारे सिवा कौन है? सबके उपकार के लिये तुम्हारा चित्त सदा दया से सुकोमल रहता है।’
इस प्रकार इस मंत्र का अनेक बार पाठ करके पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवती का ध्यान करके फिर सो रहो। प्रातःकाल उठते समय फिर उस शक्ति का चिंतन करो, थोड़ी देर ध्यान में मग्न बैठे रहो। इस साधन से तुम्हें विलक्षण बातें मालूम होंगी।
इसका सिद्धांत यह है कि समस्त विश्व का संचालन और ज्ञान जिस महत्तत्त्व द्वारा हो रहा है, उसे गुप्त मन या सर्वव्यापक मन कहते हैं। उसको चलाने वाली शक्ति है। प्रतिदिन इस शक्ति की श्रद्धा के साथ उपासना करने से शक्ति तुम्हें प्रेम करेगी, चाहेगी। तुम भूल भी जाओ, लेकिन माँ तुम्हें कभी नहीं भूलती।
इस विधि से एक मास साधन करके देखो और तुम्हें एक मास में ही विलक्षण बल और शक्ति मालूम देगी।
जिन-जिन कामनाओं को पूर्ण करना हो, उनको माँ से कह दो और अनन्य चिंतन करो, तत्काल तुमको उन पदार्थों की प्राप्ति होगी।
विद्या, धन, बल, ऐश्वर्य—ये सब इस पराशक्ति से ही उत्पन्न होते हैं और शक्ति का साधन करने से अवश्य फलसिद्धि होती है। इस महाशक्ति की उपासना से तुममें आश्चर्यजनक शक्ति की जागृति होगी और तुम असाध्य से भी असाध्य कार्य को साध्य कर सकोगे। संसार में जीवित रहना हो तो शक्ति-संपादन करो और यह समझते रहो कि तुम माँ की गोद में सदैव सुरक्षित हो और समग्र शक्तियों का भंडार तुम्हारे अंदर है।