सुविधा मुक्त साधना युक्त सामूहिक जीवन का अभ्यास है संघ शिक्षा वर्ग : प्रान्त प्रचारक कौशल जी

उन्नाव : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) उन्नाव के सरस्वती विद्या मन्दिर पूरननगर के परिसर में प्रारम्भ हो गया। दिनांक २२ मई से प्रारंभ होकर ७ जून तक १५ दिन चलने वाला है। अवध प्रांत के २६ ज़िलों से ३१७ शिक्षार्थी वर्ग में प्रशिक्षण लेने आए हैं।

अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल जी ने वर्ग का उद्घाटन करते हुए कहा कि, राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से स्वंयसेवकों को सुविधा मुक्त, साधना युक्त सामूहिक जीवन का अभ्यास करवाता है। १०० वर्ष के साधना काल का प्रतिफल यह कि प्रत्येक वर्ष लाखों कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर राष्ट्र सेवा के लिए निकलते है।

कौशल जी ने शिक्षार्थियों के समक्ष संघ के उद्देश्य एवं लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं का गुणात्मक विकास कैसे होता है ? विषय को रखते हुए कहा कि, संघ ने सौ वर्ष की यात्रा पूर्ण कर ली इस बीच लाखों कार्यकर्ता मां भारती की सेवा के लिए आगे आये। गंडकी नदी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह हजारों किलोमीटर की यात्रा में सारे कोने समाप्त हो जाते हैं, रगड़ते-रगड़ते, घिसते घिसते पत्थर शालिग्राम बन जाते हैं उसी तरह संघ के शिविरों में शारीरिक, बौद्धिक एवं व्यस्था का प्रशिक्षण पाकर सामान्य स्वंयसेवक कुशल कार्यकर्ता बन जाता है और वह राष्ट्र एवं समाज हित में समर्पित भाव से कार्य करता है।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि, गर्मी में आयोजित वर्गों में शारीरिक अभ्यास, बौद्धिक के विभिन्न बिषयों के साथ साथ व्यवस्था कौशल भी सीखने को मिलता है। वर्ग में शारीरिक, बौद्धिक, भोजन, स्वच्छता, जल व्यवस्था, चिकित्सा, अतिथि व्यवस्था सहित ३५ प्रकार की व्यवस्थाओं का भी परिचय आता है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षार्थी सूचना का पालन,स्वअनुशासन का पालन एवं जिज्ञासु बन कर रहें।यहां से अच्छे कार्यकर्ता बनकर जाएंगे तो ही संघ का उद्देश्य पूर्ण होगा।

मई व जून माह में हो रहे देश भर में प्रशिक्षण वर्गों की संख्या 96 है जिसमें लगभग 25000 से अधिक स्वंयसेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें हैं। संघ शिक्षा वर्ग में आने वाले शिक्षार्थी पहले ३ दिन का प्रारंभिक वर्ग फिर एक सप्ताह का प्राथमिक वर्ग करके आते हैं। देश भर में ऐसे शिक्षार्थियों की संख्या भी सवा लाख से अधिक रहती है।

वर्ग में सर्वाधिकारी श्री प्रमोद कुमार, वर्ग कार्यवाह कृष्णकुमार, सह कार्यवाह सुशील जी, सर्व व्यवस्था प्रमुख लालता प्रसाद जी, सह व्यवस्था प्रमुख आशीष, वर्ग पालक यशोदानंद , मुख्य शिक्षक अभिषेक, सह मुख्यशिक्षक महेंद्र, शारीरिक शिक्षण प्रमुख परितोष, प्रांत प्रचार प्रमुख डा.अशोक दुबे, बौद्धिक प्रमुख प्रवीण, नागेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे ।।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *