प्रतिनिधि सभा बैठक स्थल पर प्रदर्शनी का शुभारम्भ

प्रतिनिधि सभा बैठक स्थल पर प्रदर्शनी का शुभारम्भ

समालखा (पानीपत)। पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि केंद्र में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में नौवें सिक्ख गुरु महान बलिदानी श्री गुरु तेगबहादुर जी के जीवन की झलकियां तथा हरियाणा प्रदेश के ऐतिहासिक, पौराणिक स्थलों के साथ विभिन्न महान विभूतियों के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने दीप प्रज्ज्वलन कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने भारत माता और सिक्ख गुरु श्री गुरु तेगबहादुर जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

माधव सृष्टि परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक होने वाली है। प्रदर्शनी के चार प्रमुख भाग हैं, एक हिस्से में हरियाणा के महान स्वतंत्रता-सेनानी, वीर योद्धा, महान खिलाड़ियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त महान व्यक्तित्वों के चित्र एवं विवरण हैं। दूसरे भाग में सिक्खों के नवम गुरु श्री गुरु तेगबहादुर जी के जीवन के अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है। देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले श्री गुरु तेगबहादुर जी के बलिदान का यह 350 वां वर्ष है और इस अवसर पर यह प्रदर्शनी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में सरस्वती नदी तथा महान ग्रंथ भगवद्गीता से हरियाणा की भूमि के सनातन संबंध को दर्शाने वाली सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में हरियाणा में संघ कार्य के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिवंगत स्वयंसेवकों के भी चित्र हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिवंगत प्रचारकों के चित्र व जीवन परिचय भी प्रदर्शनी में दिखाए गए हैं।

प्रदर्शनी में प्रथम खालसा राज्य की राजधानी लोहगढ़ किला, श्री गुरु तेगबहादुर जी व उनके जीवन से संबंधित विभिन्न घटनाओं के चित्र हैं तथा मुख्य रूप से खानपुर कलां में स्थित उत्तर भारत के प्रथम महिला विश्वविद्यालय के संस्थापक तथा नारी शिक्षा के पुरोधा भक्त फूलसिंह, हरियाणवी रागनी विधा के शिखर पुरुष व महान सूर्य कवि दादा लख्मीचंद, महान किसान नेता दीनबंधु सर छोटू राम, स्वतंत्रता सेनानी और महान योद्धा राव तुलाराम, 1857 की क्रांति के बलिदानी सेठ हुकुमचंद जैन, अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष छेड़ने वाले बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह, श्री गुरु तेगबहादुर जी के शीश के सम्मान की रक्षा के लिए अपना शीश देने वाले सोनीपत के बढ़खालसा गांव के कुशाल सिंह दहिया, औरंगजेब से लड़ने वाले महान वीर गोकुला जाट, मेवात में मतांतरण रोकने वाले दादा कान्हा, बाजे भगत, कवि फौजी मेहर सिंह, प्रसिद्ध संगीतकार पंडित जसराज, परमवीर चक्र विजेता होशियार सिंह, जनरल वीके सिंह, जनरल दलबीर सिंह सुहाग, निर्धन बालकों को शिक्षा देने वाले सेठ छज्जूराम, गौ रक्षक हरफूल जाट, हसन खान मेवाती, क्रिकेटर कपिल देव, ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, साइना नेहवाल, बाबा रामदेव, दिल्ली की गद्दी पर अंतिम हिन्दू सम्राट हेमचंद्र विक्रमादित्य, आर्य समाजी स्वामी उमानंद सरस्वती, बॉलीवुड कलाकार रणदीप हुड्डा, संगीतकार जोड़ी जतिन ललित जैसे हरियाणा की विभूतियों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।

प्रदर्शनी का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा महान व्यक्तित्वों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं। इस प्रकार की प्रदर्शनी समाज में प्रेरणा और जागरूकता का वातावरण तैयार करती है तथा युवाओं को देश और समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा देती है।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *