Headlines

सच्चे कर्मयोग, क्षमा और भगवान् की कृपा का रहस्य

**सच्चे कर्मयोग, क्षमा और भगवान् की कृपा का रहस्य**

भगवान् मनुष्यों के कल्याण के लिये और भक्तों को विशेष रूप से मजबूत बनाने के लिये उनकी परीक्षा लेते रहते हैं। यद्यपि वे हमारे हृदय की एक-एक भावना को अच्छी तरह से जानते हैं, किंतु फिर भी, जैसे अध्यापक विद्यार्थियों की योग्यता-अयोग्यता को जानता हुआ भी उनकी परीक्षा लेता है, उसी प्रकार भगवान् भी निरन्तर हमारी परीक्षा लेते रहते हैं। अध्यापक तो किसी अंश में लड़कों की योग्यता नहीं जानता- इसलिये भी परीक्षा ले सकता है, किंतु भगवान् तो सर्वान्तर्यामी हैं, घट-घट के जानने वाले हैं, उनसे तो कुछ छिपा है ही नहीं।

हम लोग जिसे आपत्ति कहते हैं, वह वास्तव में भगवान् की भेजी हुई ही आती है और आती है केवल हमको कसौटी पर कसने के लिये और हमारे उत्थान के लिये। अनिच्छा और परेच्छा से जो भी कुछ आकर प्राप्त हो जाय, उसमें भगवदिच्छा समझकर प्रसन्न होना चाहिये। यह बात केवल अनिच्छा और परेच्छा से प्राप्त हुए सुख-दुःखादि भोगों में ही है, नवीन कर्म के विषय में नहीं। नवीन कर्म तो भगवान् का आश्रय लेकर अपनी सात्त्विक बुद्धि से भगवान् की आज्ञा के अनुसार सुचारुरूप से करे। सारे कामों में इसी प्रकार समझना चाहिये।

अनुकूल-प्रतिकूल की प्राप्ति में जिसका जितना राग-द्वेष, हर्ष-शोक कम हो गया, उतना ही वह आगे बढ़ा है। यह पक्की परीक्षा है। जितना-जितना विकार होता है; उतना-उतना ही नीचे गिरा है। विकार दो तरह के हैं-एक मुक्ति देने वाला और दूसरा पतन करने वाला। मुक्तिदायक विकार-दूसरे को दुखी देखकर दुखी होना और दूसरे के सुख को देखकर सुखी होना। यह विकार होने पर भी मुक्तिदायक होने के कारण ग्रहण करने योग्य है। पतन करने वाला विकार-अपने दुःख में दुखी और अपने सुख में यानी सुखदायक पदार्थों की प्राप्ति में हर्षित होना। यह विकार त्यागने योग्य है। किंतु जो इन दोनों से बढ़कर विकार है, वह बहुत लज्जाजनक है। दूसरे के दुःख से सुखी होना-प्रफुल्लित होना और दूसरे को सुखी देखकर, उन्नत देखकर दुखी होना, जलना। यह तो अति ही नीचता है। यह आसुरी प्रकृतिवालों का लक्षण है कि जो अपने साथ भलाई करे उसके साथ बुराई करना। इस प्रकार के अत्यन्त नीच प्रकृतिवालों के लिये तो शास्त्र में कोई शब्द नहीं है। ‘ते के न जानीमहे।’

सबसे बढ़िया बात क्या है? अपने साथ जो बुराई करे, उसके साथ भी भलाई करे।

‘जो तोको काँटा बुवै, ताहि बोउ तू फूल।’

बस इतने में ही अपना कल्याण है। ‘तोहि फूल को फूल है वाको है तिरसूल’ इस उत्तरार्ध का भाव हमको लेने की जरूरत नहीं। ‘वाको है तिरसूल’ यह बात श्रेष्ठ पुरुष सुनना नहीं चाहते। यह कानून जरूर है, किंतु क्षमावान् पुरुष कानून की ओर खयाल नहीं करते। उनका तो क्षमा करना स्वभाव होता है। वे स्वभावतः ही सम्पूर्ण भूतों में द्वेषरहित और सबके मित्र होते हैं। उनके हृदय में सबके प्रति करुणा होती है। अपने साथ बुराई करने वाले को दण्ड मिलेगा- यह बात सुनकर तो वे साधु पुरुष रो पड़ते हैं।

एक महात्मा पुरुष नाव पर बैठे हुए पार जा रहे थे। उसी नाव पर दो अत्याचारी दुष्ट भी बैठे हुए थे। बिना ही हेतु किसी को कष्ट देना दुष्टों का स्वभाव होता ही है। उन्हें उस महात्मा की सौम्य, ऋजु और शान्त आकृति खटकने लगी। दोनों ने परस्पर में संकेत करके महात्मा को नदी में डुबो देने का विचार ठान लिया। उन्होंने धीरे से उनको नाव में ही नीचे गिरा दिया। गिराते ही आकाशवाणी हुई, ‘ये दोनों दुष्ट हैं, अत्याचारी हैं, जो आपको कष्ट दे रहे हैं। ये आपको नदी में डुबो देना चाहते हैं। आप कहें तो इन्हीं को इस नदी में डुबो दिया जाय।’ बस, आकाशवाणी का सुनना था कि महात्मा रो पड़े और कहने लगे- मैं कैसा अपराधी हूँ-जो मेरे कारण इन्हें डुबो देने की बात मैं सुन रहा हूँ।’ महात्मा की करुणाभरी वाणी सुनकर पुनः आकाशवाणी हुई कि उन्हें दण्ड न दिया जाय तो क्या किया जाय? तब महात्मा बोले- ‘इन्होंने मेरा दर्शन किया है, स्पर्श किया है और संग किया है। अगर भगवान् की मुझ पर कृपा है और मैं यदि साधु समझा जाता हूँ, तो एक साधु पुरुष के संग से जो लाभ वास्तव में होना चाहिये, वही हो। ये भी साधुस्वभाव बन जायें।’

उस महात्मा पुरुष की और आकाशवाणी की परस्पर की बातें सुनकर दुष्टों पर बड़ा भारी असर हुआ। वे दोनों महात्माजी के चरणों में लोट-पोट हो गये और बस, उसी क्षण से महात्मा बन गये।

यह उच्च श्रेणी का व्यवहार हुआ। इसमें दया, क्षमा, अहिंसा और अक्रोध-सब भरे हुए हैं। और ये सभी उच्चभाव हैं। महात्माजी को आकाशवाणी पर रोना आ गया था, यह विकार तो था किंतु यह विकार दूसरे के हितसाधन के लिये होने से मुक्तिदायक था। यह महापुरुषों का सिद्धान्त है, उनके हृदय का उद्गार है। इस व्यवहार को कोई भी काम में ला सकता है। केवल सबका हित कैसे हो, यह बुद्धि चाहिये। इतना ही पर्याप्त है। यह व्यवहार ही कर्मयोग है। कर्मयोग किसका नाम है? जिस कार्य में स्वार्थ न हो, किसी फल की आकांक्षा न हो और दूसरे का हित जिसमें भरा हो वही कर्मयोग है। इसके थोड़े से साधन से ही कल्याण हो जाता है। भगवान् कहते हैं-

नेहाभिक्रमनाशोऽस्ति प्रत्यवायो न विद्यते।
स्वल्पमप्यस्य धर्मस्य त्रायते महतो भयात् ॥

(गीता २।४०)

‘इस कर्मयोग में आरम्भ का अर्थात् बीज का नाश नहीं है और उलटा फलरूप दोष भी नहीं है। बल्कि इस कर्मयोगरूप धर्म का थोड़ा-सा भी साधन जन्म-मृत्युरूप महान् भय से उबार लेता है।’

वे भाव यह कि थोड़ा-सा भी कर्म निःस्वार्थभाव से बन जाय तो वह मुक्ति करने वाला होता है। फिर सदा-सर्वदा जिसके सम्पूर्ण कर्म निःस्वार्थभाव से होते हैं, तो मुक्तरूप ही हैं। उनके तो दर्शन, स्पर्श, भाषण से दूसरे पवित्र हो जाते हैं-मुक्त हो जाते हैं। इसलिये जो भी स्वेच्छा से काम करे-सावधानी से करे, स्वार्थ को त्याग कर करे और दूसरों के हित की दृष्टि से करे। वही काम करे, जिससे भगवान् प्रसन्न हों और स्वयं अपने मस्तक पर भगवान् का हाथ समझ-समझकर हर समय प्रसन्न रहे। यह बड़ा अच्छा साधन है। अपनी बुद्धि के अनुसार वही कार्य करता रहे, जिस कार्य से भगवान् प्रसन्न हों। स्वेच्छा से तो भगवान् की प्रसन्नता के अनुसार उनकी आज्ञा के अनुसार कार्य करता रहे और अनिच्छा तथा परेच्छा से होने वाले को भगवान् का भेजा हुआ प्रसाद समझता रहे। परेच्छा से होने वाले को यह समझे कि भगवान् की ही इच्छा से ऐसा हो रहा है, भगवान् ही ऐसा कराते हैं और अनिच्छा से होने वाले को यों समझे कि स्वयं भगवान् ही यह करते हैं। बस, इस प्रकार समझ-समझकर खूब मुग्ध रहे। यही भक्ति है, यही शरण है और यही कर्मयोग है।

जिस क्रिया में भगवान् की सम्मति हो, वही काम करे और वह काम केवल उनके लिये ही करे। सब कुछ परमात्मा का समझकर उनके अर्पण कर दे और प्रत्येक क्रिया करते समय भगवान् को याद रखे। भगवान् के दिये हुए प्रत्येक विधान में निरन्तर उनका स्मरण करते हुए परम सन्तोष मानकर हर समय प्रसन्न रहे। यदि कहें कि किस बात को लेकर खुश रहें तो इसका उत्तर यह है कि भगवान् की दया को देख-देखकर। देखो! भगवान् की तुम पर कितनी दया है। अपार दया समझकर इतना आनन्द होना चाहिये कि वह हृदय में समावे नहीं। हर समय आनन्द में मुग्ध रहे। बार-बार प्रसन्न होवे। अहा! प्रभु की कितनी दया है। यही सबसे बढ़कर साधन है और यही भक्ति है एवं इसी का नाम शरण है। ईश्वर की दया, रुचि और उसके स्वरूप का स्मरण करके प्रसन्न होता रहे। सुख-दुःख जो भी प्राप्त हो, उसमें उसकी दया देखे। अपने द्वारा की जाने वाली क्रिया में ‘रुचि’ देखे कि भगवान् की ‘रुचि’ क्या है। जिसकी दया और रुचि का खयाल हो, उस पुरुष के स्वरूप का खयाल तो दोनों के साथ ही है। जब आप यह समझेंगे कि अमुक महात्मा की मुझ पर कितनी दया है तो उस समय उनकी स्मृति तो साथ में है ही और जिस समय आप उनकी रुचि के अनुसार काम करेंगे, उस समय भी उनकी स्मृति तो आपको बनी ही रहेगी। इसी प्रकार भगवान् के प्रति समझना चाहिये।

अतएव भगवान् की प्रसन्नता प्राप्त करने की इच्छावाले प्रत्येक व्यक्ति को भगवान् की दया पर निर्भर रहना चाहिये, उसे देख-देखकर प्रसन्न रहना चाहिये और उनकी प्रसन्नता के अनुसार ही कार्य करते रहना चाहिये एवं निरन्तर उनका स्मरण करते रहना चाहिये।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *