संघ शिक्षा वर्ग 2025 : भूमि पूजन के साथ औपचारिक तैयारी शुरू

21 मई से आरम्‍भ होने वाले संघ शिक्षा वर्ग के लिये वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन सम्पन्न

लखनऊ/गोंडा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का संघ शिक्षा वर्ग इस वर्ष गोंडा जिले में 21 मई से आयोजित होने जा रहा है। इसकी तैयारियों का शुभारम्‍भ 27 अप्रैल को भूमि पूजन और सुंदरकांड पाठ के साथ विधिवत सम्पन्‍न हुआ। अयोध्या मार्ग पर आयोजित इस पवित्र कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, प्रांत प्रचारक कौशल जी, विभाग प्रचारक प्रवीण जी सहित जिले भर से आये सैकड़ों गणमान्य नागरिकों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

मंत्रोच्चारण से गूंजा वातावरण

कार्यक्रम की शुरुआत वेदाचार्य अनिल कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में तुलसीपुर से आये वेदपाठी बटुकों द्वारा स्वस्तिवाचन और वेदपाठ से हुई। हर्षित पाण्डेय, अभिषेक त्रिपाठी, प्रतीक शुक्ल, सचिन पाण्डेय, शिव शंकर पाण्डेय समेत अन्य बटुकों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संघ शिक्षा वर्ग हेतु भूमि पूजन विभाग संघचालक सोम अग्रवाल ने विधिपूर्वक सम्‍पन्न कराया। सुंदरकांड पाठ का संचालन कौशलाधीश उपाध्याय और उनकी टीम ने किया।

जीवन में संस्कार भरने का श्रेष्ठ माध्यम है संघ शिक्षा वर्ग : क्षेत्र प्रचारक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग संघ कार्य की जड़ों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सेवा, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना को गहराई से आत्मसात कराने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केवल संगठन का नहीं, बल्कि राष्ट्र को जागृत करने का एक विराट अभियान है। भूमि पूजन को एक नए संकल्प और ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे इस संघ शिक्षा वर्ग को साधना और तपस्या के रूप में लें।

तप और साधना का अवसर है संघ शिक्षा वर्ग : प्रांत प्रचारक

प्रांत प्रचारक कौशल किशोर जी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में स्वयंसेवकों से कहा कि संघ शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को संघ के संस्कारों में ढालने का एक अवसर है। उन्होंने कहा कि यह वर्ग सेवा, समर्पण और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि गोंडा जिले में इस प्रकार का प्रयास संघ कार्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को बल प्रदान करेगा। उन्होंने सभी उपस्थित स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे संघ शिक्षा वर्ग को अपने जीवन की साधना मानकर इससे जुड़ें और संघ कार्य को नित्य नवीन ऊर्जा दें।

उपस्थित रहे…

संघ शिक्षा वर्ग के भूमि पूजन मौके पर जिला प्रचारक अनिल जी, नगर प्रचारक सागर जी, पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, विधायक गण प्रेम नारायण पाण्डेय, विनय द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रभात वर्मा, राम प्रताप वर्मा, राम प्रकाश गुप्त, ओम प्रकाश पाण्डेय, श्रीमान सिंह, पंकज अग्रवाल, अश्विनी शुक्ल, रणविजय सिंह, धर्मेंद्र पाण्डेय, प्रो. आरके पाण्डेय, डा. एपी सिंह, प्रो. आकार पाठक, चंद्रमौलि मिश्रा, डा. ऋषि कुमार सिंह, अमर किशोर कश्यप, आशीष त्रिपाठी, अकबाल बहादुर तिवारी, सूर्य नारायण तिवारी, अजिताभ दुबे, धीरज दूबे उपस्थित रहे।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *