हिन्दू नव वर्ष का भव्य 8वाँ आयोजन करेगी राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति…

हिन्दू नव वर्ष का भव्य 8वाँ आयोजन करेगी राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति

लखनऊ। भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक चेतना के प्रतीक हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के अवसर पर 19 मार्च 2026, गुरुवार को सायं 5:30 बजे गोमती नगर स्थित उत्सव (प्रतीक) स्थल, 1090 चौराहा के निकट भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन एवं राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है।

इस वर्ष आयोजन विशेष रूप से 100 वर्ष की संघ यात्रा के ऐतिहासिक पड़ाव को समर्पित है, जिसमें संगठन के शताब्दी वर्ष की गौरवशाली यात्रा, सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही समाज के समग्र एवं सकारात्मक परिवर्तन के लिए “पंच परिवर्तन” आधारित संकल्प कार्यक्रम भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के संयोजक ललित श्रीवास्तव जी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक गौरव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए एक सशक्त, संगठित एवं संस्कारित समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी शिवांक रमन भदौरिया जी ने कहा कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने हेतु “निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता-2026″ का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी- जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) एवं सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12)। प्रतिभागियों के लिए विषय कुटुंब प्रबोधन अथवा पर्यावरण संरक्षण निर्धारित किया गया है। विजेता प्रतिभागियों को 19 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अन्य प्रमुख आकर्षण में नव संवत्सर पंचांग का विधिवत अनावरण, भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, “संघ शताब्दी वर्ष” विषय पर विशेष प्रदर्शनी, “भारत गौरव” सेल्फी प्वाइंट एवं मुंबई से आए सुप्रसिद्ध गायक श्री सुरेश जी द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम है।

स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन प्रमुख ऋषि जैन जी ने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत समाज को राष्ट्रीय स्वयमसेवक संघ द्वारा प्रस्तावित पंच परिवर्तान रूपी संकल्पों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति ने लखनऊ सहित आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भारतीय संस्कृति, एकता एवं सामाजिक परिवर्तन के इस महाअभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *