Headlines

राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री सुधीर जी का सेवा भारती अवध प्रांत प्रवास

प्रांत कार्यकारिणी एवं विषय प्रमुखों की बैठक में सेवा कार्यों को गति देने पर हुआ विस्तृत मंथन

लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री, आदरणीय श्री सुधीर जी का सेवा भारती अवध प्रांत में प्रवास हुआ। प्रवास के दौरान प्रांत कार्यकारिणी एवं विभिन्न विषय प्रमुखों के साथ विस्तृत बैठक एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। बैठक का शुभारंभ गीत एवं संगठन मंत्र से हुआ।

बैठक के प्रारंभिक चरण में सेवा भारती अवध प्रांत के अध्यक्ष, श्री रविंद्र गंगवार जी द्वारा विभिन्न कार्यकर्ताओं को नवीन दायित्वों की घोषणा की गई। उन्होंने नवीन दायित्व प्राप्त सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सकारात्मक भाव, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करें।

इसके पश्चात पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री युद्धवीर जी द्वारा सत्र लिया गया। उन्होंने 30 अगस्त को आयोजित सेवा विभाग की बैठक में निर्धारित विषयों एवं कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से फॉलो-अप लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जानकारी प्राप्त की कि निर्धारित विषयों पर अब तक क्या कार्य किए गए हैं, किन क्षेत्रों में कार्य आगे बढ़ा है तथा आगामी समय में किन बिंदुओं पर विशेष रूप से कार्य किया जाना है।

इसके बाद राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री आदरणीय श्री सुधीर जी ने प्रांत कार्यकारिणी एवं विषय प्रमुखों को विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा भारती के विभिन्न आयामों एवं सेवा कार्यों की भूमिका को विस्तार से समझाते हुए अध्ययन, प्रशिक्षण, सहयोग, जागरण, ट्रांसजेंडर सेवा एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी एवं व्यवस्थित कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री सुधीर जी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट किया कि नियमिता कार्य, गतिविधि और प्रकल्प में क्या अंतर होता है। उन्होंने विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सेवा कार्यों को किस प्रकार योजनाबद्ध, नियमित एवं प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाए।

सेवा भारती मोबाइल ऐप को लेकर विशेष मार्गदर्शन

बैठक में सेवा भारती अवध प्रांत के मोबाइल ऐप को लेकर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया। श्री युद्धवीर जी ने कहा कि सेवा भारती का यह मोबाइल ऐप कार्यकर्ताओं एवं समाज के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है और सभी कार्यकर्ताओं को इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से सेवा भारती के विभिन्न प्रकल्पों एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है तथा प्रकल्पों के कार्य को लाइव देखा जा सकता है। उन्होंने ऐप के विभिन्न फीचर्स एवं उपयोगिता को विस्तार से समझाया।

श्री सुधीर जी ने विशेष रूप से आग्रह किया कि सेवा भारती से जुड़े डोनर्स एवं शुभचिंतकों को भी ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि वे सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों एवं सेवा कार्यों को स्वयं देख सकें और संस्था के कार्यों से निरंतर जुड़े रह सकें।

उन्होंने सेवा कार्यों के डेटा फीडिंग को भी महत्वपूर्ण बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अपने-अपने प्रकल्पों एवं सेवा गतिविधियों से संबंधित आवश्यक जानकारी को ऐप पर जल्द से जल्द अपडेट एवं फीड करें, जिससे सेवा भारती के कार्यों का व्यवस्थित डिजिटल डेटा तैयार हो सके।

इस अवसर पर श्री सुधीर जी, श्री युद्धवीर जी, श्री देवेंद्र अस्थाना जी, श्री रजनीश कुमार गुप्ता जी, श्री रविंद्र गंगवार जी एवं श्री अभिषेक जी द्वारा मोबाइल ऐप एवं डिजिटल डेटा प्रबंधन को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया। इसके पश्चात सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सामूहिक फोटो सेशन भी हुआ।

सुपोषित जागरूकता अभियान के पोस्टर का लोकार्पण

बैठक के दौरान सेवा भारती अवध प्रांत द्वारा आगामी “सुपोषित जागरूकता अभियान” के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाले अभियान के पोस्टर का लोकार्पण किया गया।

पोस्टर का लोकार्पण श्री सुधीर जी, श्री युद्धवीर जी, श्री रविंद्र गंगवार जी, श्री देवेंद्र अस्थाना जी, सुश्री मनोरमा जी एवं श्री रजनीश कुमार गुप्ता जी , नरेंद्र अग्रवाल जी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर श्री सुधीर जी ने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाने तथा सभी विभागों एवं आयामों में समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

कौशल प्रशिक्षण केंद्र के चौथे बैच के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित

प्रवास के दौरान सेवा भारती अवध प्रांत के एक सेवा प्रकल्प के अंतर्गत संचालित ए.सी., रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन एवं प्लम्बिंग प्रशिक्षण केंद्र के चौथे बैच के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को श्री सुधीर जी, श्री युद्धवीर जी एवं श्री रविंद्र गंगवार जी ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त कौशल का उपयोग आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के लिए उपयोगी कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षण केंद्र के कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशिक्षणार्थियों से संबंधित गतिविधियों एवं प्रगति को डिजिटल माध्यम से व्यवस्थित करने के लिए एक पृथक मोबाइल ऐप विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस विषय पर संगठन स्तर पर आगे विचार करने की बात कही गई।

प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित

समस्त बैठकों एवं कार्यक्रमों में प्रांत सेवा प्रमुख श्री देवेंद्र अस्थाना जी, प्रांत अध्यक्ष श्री रविंद्र गंगवार जी, प्रांत महामंत्री श्री रजनीश कुमार गुप्ता जी, प्रांत उपाध्यक्ष , पूरी प्रांत कार्यकारिणी, सभी आयाम प्रमुख, संभाग के संगठन मंत्री एवं विभाग के संगठन मंत्री, सहित सेवा भारती अवध प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ता एवं विषय प्रमुख उपस्थित रहे।

पूरे प्रवास के दौरान सेवा कार्यों की गुणवत्ता, विस्तार, नियमितता, प्रशिक्षण, प्रकल्प विकास, डिजिटल डेटा प्रबंधन एवं आगामी अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *