Headlines

भोजन मात्र पेट भरने के लिये नहीं, शास्त्रविधि से लें आहार

भोजन मात्र पेट भरने के लिये नहीं, शास्त्रविधि से लें आहार

भोजन तो प्रत्येक व्यक्ति करता है। भोजन करने से भूख मिटती है, शरीर को पोषण मिलता है, शक्ति प्राप्त होती है और जिह्वा को स्वाद मिलता है। फिर प्रश्न उठता है, जब भोजन सभी का पेट भर देता है, तो शास्त्रविधि से भोजन करने की आवश्यकता ही क्या है? कुछ लोग प्रश्न करते हैं, “भोजन तो भोजन है। बैठकर करें या खड़े होकर, अपनी सुविधा से करें या किसी निश्चित विधि से अन्ततः पेट ही तो भरना है। फिर शास्त्रों ने भोजन के लिये इतनी मर्यादाएँ क्यों बताई हैं?” यह प्रश्न तब उत्पन्न होता है जब हम भोजन को केवल शरीर की आवश्यकता मानकर देखते हैं।
स्थूल दृष्टि से भोजन का परिणाम है, भोजन सनातन धर्म की दृष्टि केवल शरीर तक सीमित नहीं है। हमारे लिये मनुष्य केवल शरीर नहीं है। शरीर के साथ उसका प्राण, मन, बुद्धि और अन्तःकरण भी है। इसलिये शास्त्र भोजन के स्थूल परिणाम के साथ उसके सूक्ष्म प्रभाव को भी देखते हैं। अन्न केवल शरीर को नहीं, साधना को भी प्रभावित करता है। तैत्तिरीय उपनिषद् अन्न के महत्त्व को अत्यन्त स्पष्ट करता है,

अन्नाद्वै प्रजाः प्रजायन्ते।
अथो अन्नेनैव जीवन्ति ।

अर्थात प्राणी अन्न से उत्पन्न होते हैं और अन्न से ही जीवन धारण करते हैं। उपनिषद् अन्न को भूतों में ज्येष्ठ और औषधस्वरूप बताता है। इसलिये अन्न का प्रश्न केवल स्वाद का प्रश्न नहीं है।

भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने आहार को तीन गुणों के आधार पर भी समझाया है। सात्त्विक आहार के विषय में भगवान कहते हैं-

आयुःसत्त्वबलारोग्यसुखप्रीतिविवर्धनाः।
रस्याः स्निग्धाः स्थिरा हृद्या आहाराः सात्त्तत्वकप्रियाः॥

श्रीमद्भगवद्गीता १७.८

अर्थात जो आहार आयु, सत्त्व, बल, आरोग्य, सुख और प्रसन्नता को बढ़ाने वाले हों तथा रसयुक्त, स्निग्ध, स्थिर और हृदय को प्रिय हों ऐसे आहार सात्त्विक पुरुषों को प्रिय होते हैं। आदि शंकराचार्य की व्याख्या में भी इस श्लोक का सम्बन्ध आयु, मानसिक स्थैर्य, बल, आरोग्य, सुख और प्रीति की वृद्धि से जोड़ा गया है।

“आहारशुद्धौ सत्त्वशुद्धिः”

छान्दोग्य उपनिषद् का प्रसिद्ध वचन है,

आहारशुद्धौ सत्त्वशुद्धिः । सत्त्वशुद्धौ ध्रुवां स्मृतिः।
स्मृतिलम्भे सर्वग्रन्थीनां विप्रमोक्षः ॥

छान्दोग्य उपनिषद् ७.२६.२

शुद्ध आहार की शुद्धि से सत्त्व की शुद्धि होती है; सत्त्व की शुद्धि शुद्धि से स्मृति स्थिर होती है और स्मृति स्मृात की स्थिरता से हृदय की ग्रन्थियों का विमोचन होता है। यहाँ एक अत्यन्त महत्त्वपूर्ण बात समझनी चाहिये। आदि शंकराचार्य के भाष्य में “आहार” का अर्थ केवल खाया हुआ अन्न नहीं, बल्कि इन्द्रियों द्वारा ग्रहण किया जाने वाला विषय-विज्ञान भी किया गया है। अर्थात केवल थाली में क्या है, इतना ही नहीं हम आँखों से क्या देखते हैं, कानों से क्या सुनते हैं, मन में क्या ग्रहण करते हैं और बुद्धि से किन विषयों का सेवन करते हैं यह भी आहार है। इसलिये शास्त्र का सन्देश और भी व्यापक है, अन्न भी शुद्ध हो और इन्द्रिय-आहार भी शुद्ध हो। यही समग्र आहारशुद्धि साधक के अन्तःकरण को निर्मल बनाने में सहायक होती है।

भोजन यज्ञभाव से क्यों जोड़ा गया?

भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं-

यज्ञशिष्टाशिनः सन्तो मुच्यन्ते सर्वकिल्बिषैः ।
भुञ्जते ते त्वघं पापा ये पचन्त्यात्मकारणात्॥

श्रीमद्भगवद्गीता ३.१३

अर्थात यज्ञशेष का सेवन करने वाले सन्त पुरुष पापों से मुक्त होते हैं, जबकि जो केवल अपने स्वार्थ और भोग के लिये ही पकाते हैं, उनके विषय में भगवान कठोर शब्दों का प्रयोग करते हैं। इसका गहरा संदेश यह है कि-

भोजन केवल “मेरे लिये” नहीं है। अन्न ईश्वर की देन है। वर्षा से अन्न उत्पन्न होता है। यज्ञ से वर्षा की व्यवस्था जुड़ी हुई बतायी गयी है और कर्म से यज्ञ की उत्पत्ति कही गयी है-

अन्नाद्भवन्ति भूतानि पर्जन्यादन्नसम्भवः।
यज्ञाद्भवति पर्जन्यो यज्ञः कर्मसमुद्भवः॥

श्रीमद्भगवद्गीता ३.१४

इसलिये भोजन में कृतज्ञता, ईश्वरार्पण और यज्ञभावना का होना अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है।

भोजन और प्राणाग्निहोत्र

वैदिक परम्परा में भोजन को शरीरस्थ अग्नि और प्राणों से भी जोड़ा गया है। इसी कारण प्राणाग्निहोत्र की परम्परा में भोजन को प्राणरूप अग्नियों के लिए आहुति के भाव से ग्रहण करने का विधान मिलता है। भोजन से पूर्व अथवा भोजन के प्रसंग में, ॐ प्राणाय स्वाहा, ॐ अपानाय स्वाहा, ॐ व्यानाय स्वाहा, ॐॐॐ उदानाय स्वाहा, ॐ समानाय स्वाहा”

जैसी प्राणाहुतियों की परम्परा वर्णित है। इसे भोजन को यज्ञभाव से ग्रहण करने की आध्यात्मिक दृष्टि के रूप में समझना चाहिये। भगवान श्रीकृष्ण स्वयं कहते हैं-

अहं वैश्वानरो भूत्वा प्राणिनां देहमाश्रितः।
प्राणापानसमायुक्तः पचाम्यन्नं चतुर्विधम॥

श्रीमद्भगवद्गीता १५.१४

अर्थात भगवान वैश्वानर अग्निरूप होकर प्राणियों के शरीर में स्थित हैं और प्राण-अपान से संयुक्त होकर चार प्रकार के अन्न को पचाते हैं। भोजन करते समय यह स्मरण रखना चाहिए कि अन्न मेरा नहीं है, अन्नदाता भी मैं नहीं हूँ और पाचन की शक्ति भी केवल मेरी नहीं है। ईश्वर की व्यवस्था से ही अन्न प्राप्त होता है और उसी की शक्ति से उसका पाचन होता है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *