Headlines

सेवा कोई व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है – डॉ. मोहन भागवत जी

सेवा कोई व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है – डॉ. मोहन भागवत जी

नागपुर, 13 नवम्बर।

कृषि विकास प्रतिष्ठान की ओर से सिविल लाइन्स स्थित चिटणवीस सेंटर में आयोजित समारोह में दुबई में कामगारों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाले मूलतः नागपुर निवासी डॉ. संजय पैठणकर को ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार’ प्रदान किया गया। मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कृष्णा अभिमत वैद्यकीय विश्वविद्यालय के डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा, डॉ. संजय पैठणकर, प्रतिष्ठान के अध्यक्ष गिरीश गांधी तथा श्रीराम काले भी उपस्थित थे।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि ‘सेवा कोई व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है। केवल पैसा कमाना ही किसी कार्य का मुख्य उद्देश्य नहीं होना चाहिए। आजीविका अर्जित करना उसका केवल एक हिस्सा है। समाज केवल आर्थिक समृद्धि के आधार पर नहीं, बल्कि करुणा और संवेदनशीलता जैसे मूल्यों के आधार पर कायम रहता है’।

उन्होंने कहा कि ‘किसी को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुरस्कार नहीं दिए जाते। जिनका सम्मान किया जाता है, उन्होंने कभी किसी अपेक्षा के साथ काम नहीं किया। जिसे संपूर्ण दुनिया ‘प्रोफेशन’ कहती है, उसे हमारे देश में ‘सर्विस’ कहा जाता है। क्योंकि, हमारी धारणा है कि हम जो भी करते हैं, वह केवल अपना पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि सृष्टि का अस्तित्व बनाए रखने के लिए करते हैं। हमारा जीवन भी इसी उद्देश्य के लिए होना चाहिए। ‘पुरस्कार’ शब्द का एक अर्थ पारितोषिक है, तो दूसरा अर्थ प्रोत्साहन है। हम समाज के प्रति कुछ दायित्व रखते हैं, इस भावना के साथ समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले लोगों का यह सम्मान है। यह एक संवेदना है और संवेदनशीलता ही मनुष्यता की पहचान है।’

उन्होंने कहा, ‘दुनिया में जो दुख है, उसे दूर करने के लिए मैं जो कुछ कर सकता हूं, वह करता हूं, यह भावना होनी चाहिए। ऐसा करते समय मैं कोई बहुत बड़ा काम कर रहा हूं, इस तरह का भाव मन में न रखना ही मनुष्यता है। इसका सहज प्रकटीकरण सेवा के रूप में होता है। सेवा के बदले हमें किसी फल की अपेक्षा नहीं होती। यह सेवा एकतरफा नहीं, बल्कि आत्मीयता और करुणा से उत्पन्न होती है। यह भाव भीतर से जागता है और उसी से सेवा का कार्य होता है। समाज इसी संवेदनशीलता के आधार पर चलता है। यह संवेदना बनी रहनी चाहिए।’

यह संवेदना प्रत्येक व्यक्ति में होती है। हालांकि, विपरीत परिस्थितियों के कारण वह दब जाती है। इस संवेदना को बनाए रखना ही मनुष्य के रूप में जीना है। जीवन गरीबी में बीत रहा है या संपन्नता में, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति ने अपने जीवन में किन मूल्यों को संजोकर रखा है। जीवन कठिन होने के बावजूद उससे मुकाबला करने और ऐसी परिस्थितियों से जूझ रहे लोगों की सहायता करने की भावना समाज में बनी रहनी चाहिए।’

सरसंघचालक जी ने कहा, ‘केवल पैसा कमाने के लिए व्यवसाय करना हमारी संस्कृति नहीं है। लोगों को अपने व्यवसाय और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने के साथ ही समाज के लिए भी योगदान देना चाहिए। क्योंकि, समाज की सेवा करना ही कार्य का वास्तविक उद्देश्य है। धर्म की अवधारणा मानवता और बंधुभाव से जुड़ी हुई है। सत्य, करुणा, पवित्रता और तपस्या धर्म के चार आधार स्तंभ हैं। अपने भीतर और दूसरों में भी ईश्वर का वास है, इस भावना से आत्मीयता और निःस्वार्थ सेवा का भाव उत्पन्न होता है।’

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने कहा, ‘नागपुर के मेडिकल कॉलेज ने दुनिया को अनेक प्रतिष्ठित डॉक्टर दिए हैं। उनमें से एक डॉ. संजय पैठणकर ने दुबई में नागपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दुबई में चिकित्सा क्षेत्र में काम किया, लेकिन अपनी मातृभूमि से जुड़ाव कभी नहीं तोड़ा।’

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *