भारतीय संस्कृति में पर्व केवल धार्मिक आस्था की अभिव्यक्ति नहीं है बल्कि यह व्यक्ति को समाज की नैतिक मूल्यों, ज्ञान, कर्तव्यबोध तथा सामूहिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का माध्यम है। सनातन संस्कृति में भौगोलिक स्थान एवं लोकमान्यता के आधार पर भिन्न-भिन्न पर्व मनाये जाते हैं। इन विविध पर्वों में कार्तिक शुक्ल पञ्चमी का विशेष महत्व दिखायी देता है। इस तिथि से सम्बन्धित पर्व पाण्डव पञ्चमी, लाभ पञ्चमी तथा ज्ञान पञ्चमी जैसी परम्पराएँ विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित है। यद्यपि इन पर्वों के उद्देश्य एवं अनुष्ठान भिन्न है, तथापि इनके माध्यम से धर्म, कर्तव्यबोध, समृद्धि और ज्ञान जैसे जीवनमूल्यों की अभिव्यक्ति होती है। पर्वों में विशेष रूप से पाण्डव पञ्चमी उल्लेखनीय है क्योंकि इस त्योहार का सम्बन्ध पाण्डवों के चरित्र, जीवन संघर्ष, प्रतिज्ञापालन और धर्मनिष्ठा से संयुक्त है।
पाण्डव पञ्चमी का आधार
पाण्डव पञ्चमी मुख्यतः महाराष्ट्र की लोक संस्कृति में प्रचलित पर्व है। इसे कडपञ्चमी भी कहा जाता है। इस अवसर में कुछ स्थानों पर गोमय से पाण्डवों की आकृतियाँ बनाकर उनकी पूजा की जाती है। छत्तीसगढ़ तथा कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में भी यह पर्व आंशिक रूप में दिखायी देता है। इस पर्व की धार्मिक मान्यताओं को समझने के लिये पाण्डवों का वनवास और अज्ञातवास प्रसंग को समझना चाहिये। द्यूतक्रीडा में पराजय के बाद पाण्डव सपत्नीक बारह वर्ष वनवास एवं एक वर्ष की अज्ञातवाश को स्वीकार कर लेते हैं। लौकिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पञ्चमी के दिन पाण्डवों का अज्ञातवास समाप्त हुआ परन्तु मूल महाभारत में अज्ञातवास की समाप्ति को कार्तिक शुक्ल पञ्चमी तिथि से सम्बद्ध करने वाला स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता है। पाण्डव पञ्चमी का एक महत्वपूर्ण पक्ष भगवान श्रीकृष्ण और पाण्डवों के बीच पारस्परिक सम्बन्ध में निहित है। श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन में पाण्डवों ने अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया अतः इस दिन भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण किया जाता है।
पाण्डवों की आराधना क्यों?
पाण्डवों की आराधना का महत्व केवल उनके पराक्रम तथा विजय में ही नहीं है बल्कि उनके जीवन से प्राप्त होने वाली नैतिक शिक्षा में निहित है। सामर्थ्यवान होते हुए भी उन्होने वनवास और अज्ञातावास को स्वीकार किया। इस प्रसंग से यह शिक्षा मिलती है की अपने दायित्वों, प्रतिज्ञाओं और नियमों का सम्मान करना आवश्यक है। युधिष्ठिर का चरित्र धर्म और न्याय के प्रश्नों पर विचार करने को प्रेरित करता है। भीम साहस एवं संकल्प के प्रतीक हैं। अर्जुन निरन्तर अभ्यास, एकाग्रता, आत्मविश्वास तथा इंद्रियजय का उदाहरण है। नकुल और सहदेव के चरित्र से कौशल, सेवा, उत्तरदायित्व की शिक्षा ग्रहण की जा सकती है। इस प्रकार पाँचों पाण्डवों का सामूहिक चरित्र यह स्पष्ट करता है कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में धैर्य, परस्पर सहयोग और कर्तव्य निष्ठा अत्यन्त आवश्यक है। यहाँ यह ध्यातव्य है कि पाण्डवों के प्रत्येक निर्णय को निर्विवाद आदर्श मानने के बजाय उनके जीवन के नैतिक इंद्रों का विवेकपूर्ण अध्ययन करना चाहिये। महाभारत की विशेषता यह है कि वह धर्म के जटिल प्रश्नों पर विचार करने का अवसर प्रदान करता है।
लाभ पञ्चमी तथा ज्ञान पञ्चमी
कार्तिक शुक्ल पञ्चमी के दिन गुजरात में लाभपञ्चमी मनायी जाती है। इस अवसर पर श्रीगणेश एवं माता लक्ष्मी का पूजन व्यापारिक समृद्धि एवं सुख शान्ति के लिये किया जाता है। दूसरी ओर जैन परम्परा में इसी तिथि को ज्ञान पञ्चमी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन धार्मिक ग्रंथों, पाण्डुलिपियों, ज्ञान भण्डारों का संरक्षण तथा स्वाध्याय को विशेष महत्व दिया जाता है। इन पर्वों के नाम और तिथि में समानता होने पर भी इनके अनुष्ठान तथा धार्मिक आधार अलग-अलग हैं।
लोक जागरण व सामाजिक उत्तरदायित्व
लोकपर्व समाज में नैतिक शिक्षाओं को सरल, रोचक और सामूहिक रूप से पहुँचाने का माध्यम हैं। पाण्डवों के जीवन पर आधारित कथा, नाटक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नयी पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परम्परा से परिचित कराया जा सकता है। प्राचीन चरित्रों से प्रभावित होकर आधुनिक युवा पीढ़ी दायित्वबोध, कर्तव्यनिष्ठा, देशप्रेम आदि विषयों से जुड़ सकता है। इसी प्रकार लाभ पञ्चमी न्यायसंगत व्यापार और आर्थिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा दे सकती है जबकि ज्ञान पञ्चमी साहित्यिक विरासत के संरक्षण तथा ज्ञानार्जन के प्रति सम्मान विकसित करती है। यदि इन पर्वो को पुस्तक दान, विद्यार्थियों की सहायता, सामूहिक स्वच्छता और विभिन्न समुदायों की सहभागिता जैसे कार्यों से जोड़ा जाए तो इसका सामाजिक महत्त्व और अधिक व्यापक हो सकता है।
पाण्डव पञ्चमी केवल पाण्डवों के पराक्रम स्मरण का पर्व ही नहीं अपितु उचित मार्गदर्शन, विवेकपूर्ण निर्णय और सदाचार को समझने का अवसर भी है। पाण्डवों के चरित्र एवं आदर्शों का अनुशीलन व्यक्ति को उनके सदृणों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है, वहीं भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश जीवन में धर्म, विवेक एवं कर्तव्यनिष्ठा के समन्वय के साथ उचित मार्ग पर अग्रसर होने का पथ प्रशस्त करते हैं। व्यापक सन्देश यह है कि जीवन में सामर्थ्य के साथ विवेक, ज्ञानपिपासा के साथ विनम्रता तथा कर्तव्य के साथ धर्मनिष्ठता का समन्वय परमावश्यक है।