गांव-गांव पहुंचकर भोजन, कपड़े और जरूरत का सामान कर रही वितरित
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सेवा भारती ने राहत एवं सेवा अभियान तेज कर दिया है। 29 अगस्त से लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर संस्था द्वारा जरूरतमंद परिवारों को भोजन, कपड़े और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सेवा भारती की टीम ने मलकाना, पड़री पुरवा, कपसेठी, गोबरिया, बहादुरपुर समेत कई सेवा बस्तियों में पहुंचकर पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए भोजन एवं कपड़ों की व्यवस्था की। इसी क्रम में 3 सितंबर को कुशवाहा पुरवा और गोबरिया में सेवा भारती कानपुर प्रांत के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बाढ़ पीड़ितों को कपड़े, बिस्किट, चटाई, चद्दर समेत आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान प्रांत संगठन मंत्री गजेंद्र जी, विभाग मंत्री जय भदौरिया, कानपुर विभाग के गोविंद जी तथा चित्रकूट के जिला अध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला, जिला महामंत्री राज किशोर शिवहरे, जिला प्रचार प्रमुख शंकर प्रसाद यादव और सामाजिक आयाम प्रमुख गोविंद निषाद मौजूद रहे।
वहीं 6 सितंबर को चौरा, अरछा बरेठी के केवटन पुरवा में सेवा भारती चित्रकूट एवं न्यास सेवा बिंदकी, फतेहपुर के संयुक्त तत्वावधान में राहत सामग्री का वितरण किया गया। प्रभावित परिवारों को आटा, दाल, चावल, चीनी, तेल, नमक, मसाले के साथ कपड़े, सर्फ, दरी, चद्दर, तिरपाल, चटाई और बिस्किट उपलब्ध कराए गए। राहत वितरण में प्रांत अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, मोना ओमर, शिव शंकर लाल, महेंद्र शुक्ला तथा सेवा भारती चित्रकूट के गुरु प्रकाश शुक्ला, राज किशोर शिवहरे और शंकर यादव सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कलवारा गांव में भी पहुंची राहत टीम
सेवा भारती द्वारा राहत अभियान के तहत कलवारा गांव में भी बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों को दरी, चद्दर, चटाई, साड़ियां, कपड़े और बिस्किट आदि सामग्री दी गई। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने सेवा भारती के कार्यकर्ताओं का आभार जताया। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उनकी सहायता करना ही सेवा का उद्देश्य है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य आगे भी जारी रहेगा।