Headlines

अंग्रेजों के विरुद्ध सशस्त्र क्रांति की सूत्रधार महारानी लक्ष्मीबाई

अंग्रेजों के विरुद्ध सशस्त्र क्रांति की सूत्रधार महारानी लक्ष्मीबाई

करत देश वीर वीरांगनाओं की धरती है। यहां समय-समय पर असंख्य क्रांतिकारियों ने जन्म लेकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने जीवन का सर्वस्व बलिदान करके महान गौरव को प्राप्त किया है। जिन अनेकों क्रांतिकारियों ने 18वीं शताब्दी में अंग्रेजी सरकार को चुनौती दी, तोपों का सामना किया, फांसी के फंदों पर लटक गए, अंग्रेजों की गोलियों के सामने सीना तानकर डटी रही और अपना जीवना बलिदान कर दिया, परंतु अंग्रेजों के आगे शीश नहीं झुकाया। इसी सशस्त्र क्रांति से अंग्रेजों के मन में भय पैदा हुआ तथा तथा अंग्रेजों को भारत में यह एहसास हो गया कि अब वे अधिक समय तक भारत को अपने अधीन नहीं रख सकेंगे। भारतीय क्रांतिकारियों का यह संकल्प था कि मातृभूमि के मान सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे। पुरुषों, महिलाओं, बच्चों, बूढ़ों तथा समाज के सभी वर्ग, समुदायों के लोगों ने जातिगत भेदों को भूलकर मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। जिन क्रांतिकारियों ने अपने देश की माटी की लाज रखने के लिए सशस्त्र कांति का सूत्रपात किया उनमें झांसी की महारानी लक्ष्मीबाई का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है जो क्रांतिकारियों के लिए देशभक्ति में प्रेरणा भरने के लिए आदर्श रही हैं महारानी झांसी की रानी लक्ष्मीबाई।

प्रख्यात कवियित्री सुभद्रा कुमारी चौहान के ओजस्वी शब्दों में “खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी” झांसी की रानी का पावन चरित्र आज भी गुंजायमान है। रानी लक्ष्मीबाई भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की क्रांति की महान वीरांगना एवं सूत्रधार थीं। 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में जन्मी मणिकर्णिका का विवाह वर्ष 1842 में झांसी के राजा गंगाधर राव नेवालकर के साथ हुआ। अपने पुत्र की मृत्यु के बाद उन्होंने दामोदर राव को गोद लिया 1857 में जब देश के विभिन्न भागों में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध विद्रोह आरंभ हुआ, तब महारानी लक्ष्मीबाई ने भी अंग्रेजों का सामना करने के लिए अपनी सेना को संगठित करके सैनिकों को युद्ध का प्रशिक्षण दिया तथा झाँसी की सुरक्षा के लिए किले को सुदृढ़ बनाया। मार्च 1858 में अंग्रेज सेनापति सर ह्यू रोज ने झाँसी पर आक्रमण किया। महारानी ने अद्भुत वीरता के साथ अंग्रेजी सेना का मुकाबला किया। परिस्थितियाँ प्रतिकूल होने पर वे अपने दत्तक पुत्र दामोदर राव के साथ झाँसी से निकलकर कालपी पहुंचीं। वहाँ उन्होंने तात्या टोपे सहित अन्य क्रांतिकारियों के साथ मिलकर संघर्ष जारी रखा। 18 जून, 1858 को ग्वालियर के निकट कोटा-की-सराय में अंग्रेजों से युद्ध करते हुए महारानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं। रानी ने अंतिम समय तक पराधीनता स्वीकार नहीं की और मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। अपनी मृत देह को भी अंग्रेजों को छूने नहीं दिया।

महारानी लक्ष्मीबाई ने महिलाओं की सेना बनाकर उनका नेतृत्व किया और एक स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाएं घर गृहस्थी, चूल्हा चौका करने के साथ-साथ देश को जरूरत पड़ने पर तलवार भी उठा सकती हैं और शत्रुओं की गर्दन काटने में भी उन्हें कोई संकोच नहीं होता। इतिहास इस बात का साक्षी है कि महिलाओं ने रणभूमि में रणचंडी का रूप धारण करके शत्रुओं को परास्त करके अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। रानी का अमर बलिदान स्वतंत्रता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सर्वोच्च आदर्श है। कृतज्ञ भारतवासी उनकी वीरता और बलिदान को युगों-युगों तक स्मरण करते रहेंगे।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *